सिस्टम का श्राद्ध

15-08-2025

सिस्टम का श्राद्ध

डॉ. सुशील कुमार शर्मा (अंक: 282, अगस्त प्रथम, 2025 में प्रकाशित)


(झालावाड़ की घटना पर कविता) 
 
झालावाड़ की वो सुबह, 
प्रार्थना में डूबे मासूम, 
ज्ञान के मंदिर में, मौत का तांडव, 
और फिर, वही पुरानी धुन। 
छत गिरी, चीखें उठीं, 
सात नन्ही जानें, मलबे में दफ़न। 
अख़बारों में सुर्ख़ियाँ, 
टीवी पर चीखते एंकर, 
और नेताओं के घड़ियाली आँसू। 
जाँच के आदेश! “कड़ी कार्रवाई होगी!”
ये रटा-रटाया संवाद, 
कानों में गूँजता है, 
जैसे कोई फटा हुआ टेप रिकॉर्डर। 
पंद्रह मिनट में बन जाती है कमेटी, 
पाँच मिनट में रिपोर्ट तैयार। 
 
फिर शुरू होता है, 
बलि का बकरा ढूँढ़ने का खेल। 
अधिकारी मीटिंग में, 
चाय-पकौड़े खाते हुए, 
तय करते हैं, किसे लपेटना है। 
मास्टर जी ने ध्यान नहीं दिया! 
क्लर्क ने फ़ाइल आगे नहीं बढ़ाई! 
पंचायत सचिव को मरम्मत का पता नहीं था! 
और धड़ाम से गिरते हैं, 
कुछ छोटे-मोटे कर्मचारी। 
 
स्कूल का प्रिंसिपल, बेचारा चपरासी, 
शायद कोई वार्ड मेंबर भी। 
सस्पेंड हुए, ट्रांसफ़र हुए, 
किसी की नौकरी गई, किसी की इज़्ज़त। 
अरे भाई! वो तो बेचारे मोहरे थे, 
जिन्हें अपनी जेब से भी कई बार, 
स्कूल की टूटी खिड़की, 
या नल का लीकेज ठीक कराना पड़ा था। 
 
मगर वो बड़ी मछलियाँ कहाँ हैं? 
वो ठेकेदार, 
जिसने घटिया माल लगाया था? 
वो इंजीनियर, 
जिसने ओके की मुहर लगाई थी? 
वो माननीय जी, 
जिनके बँगले पर करोड़ों का बजट ख़र्च हुआ, 
पर स्कूलों की जर्जर हालत दिखी नहीं? 
वो आला अधिकारी, 
जिनकी मेज़ पर सालों से धूल फाँक रही थी, 
मरम्मत के नाम पर आई फ़ाइल? 
 
नहीं! उनका बाल भी बाँका नहीं होगा। 
उनके पास है सिस्टम का कवच, 
राजनीति की ढाल, 
और ऊपरी साँठगाँठ का ब्रह्मास्त्र। 
 
वे तो बस एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस करेंगे, 
मुआवज़े का ऐलान करेंगे, 
और फिर अगली घटना का इंतज़ार करेंगे। 
बच्चे मरते रहेंगे, 
ज्ञान के मंदिर श्मशान बनते रहेंगे, 
और सिस्टम, 
अपनी लीपापोती से, 
श्राद्ध मनाता रहेगा, 
छोटी मछलियों का। 
क्योंकि बड़ी मछलियाँ, 
आज भी पानी में हैं, 
और कल भी रहेंगी, 
आज़ाद! 
सत्ता के तालाब में तैरती हुई। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
दोहे
कविता - हाइकु
कहानी
किशोर साहित्य कहानी
सामाजिक आलेख
लघुकथा
साहित्यिक आलेख
सांस्कृतिक आलेख
कविता-मुक्तक
गीत-नवगीत
कविता - क्षणिका
स्वास्थ्य
स्मृति लेख
खण्डकाव्य
ऐतिहासिक
बाल साहित्य कविता
नाटक
रेखाचित्र
चिन्तन
काम की बात
काव्य नाटक
यात्रा वृत्तांत
हाइबुन
पुस्तक समीक्षा
हास्य-व्यंग्य कविता
गीतिका
अनूदित कविता
किशोर साहित्य कविता
एकांकी
ग़ज़ल
बाल साहित्य लघुकथा
व्यक्ति चित्र
सिनेमा और साहित्य
किशोर साहित्य नाटक
ललित निबन्ध
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में