काश प्रकृति भी बोल पाती

15-05-2026

काश प्रकृति भी बोल पाती

डॉ. सुशील कुमार शर्मा (अंक: 297, मई द्वितीय, 2026 में प्रकाशित)

 

काश
पेड़ चीख़ पाते
तो शायद
कुल्हाड़ियों की धार
इतनी निर्दयी न होती
वे कहते
यह धूप केवल तुम्हारी नहीं
हमारी पत्तियों की भी है
यह आकाश
हमारे घोंसलों का भी घर है
और यह धरती
सिर्फ़ मनुष्यों की जागीर नहीं। 
 
काश
नदियाँ भी चुन पातीं सरकार
तो वे उन हाथों को कभी न चुनतीं
जो उनके जल में
कारख़ानों का ज़हर घोलते हैं
वे चुनतीं
उन आँखों को
जो उन्हें माँ की तरह देखतीं
न कि
नालों की तरह उपयोग करतीं। 
 
काश! गाय कह पाती
कि भूख
धर्म नहीं देखती
और स्नेह
सड़कों पर बेसहारा नहीं छोड़ा जाता
वह पूछती जिसे तुम माता कहते हो
उसी को प्लास्टिक खाते हुए
कैसे देख लेते हो निस्पंद होकर? 
 
काश
बेटियाँ कह पातीं
कि वे कोई वस्तु नहीं
जिसे परंपराओं के संदूक में रखकर
एक दिन
किसी और घर भेज दिया जाए
वे कहतीं
पिता
मुझे विदा मत करो
मुझे विश्वास दो
कि यह घर
मेरे सपनों का भी उतना ही है। 
 
काश
जंगल भी वोट डाल सकते
तो वे
अपने विनाश पर हस्ताक्षर करने वालों को
कभी सत्ता तक न पहुँचने देते
वे चुनते
उन हाथों को
जो वृक्षों को
लकड़ी नहीं
जीवन मानते। 
 
काश
पंछी भी कह पाते
कुछ शाखाएँ
हमारे लिए भी छोड़ दो
तुम्हारे महलों की ऊँचाई से अधिक
महत्त्वपूर्ण हैं
हमारे छोटे छोटे घोंसले। 
पर मनुष्य
अपनी प्रगति के शोर में
इतना बहरा हो चुका है
कि उसे
अब चिड़ियों की चहचहाहट भी
संगीत नहीं
व्यवधान लगती है। 
 
काश
पर्वत भी चुनाव में खड़े होते
तो वे बताते
कि स्थिर रहना क्या होता है
कैसे सहना पड़ता है
बारूद का अपमान
खनन की यातना
और विकास के नाम पर
अपनी छाती का चीरना। 
वे कहते
ऊँचा होना
अहंकार नहीं होता
सहनशीलता होता है। 
 
यह पृथ्वी
अब भी
मनुष्यों से कम घायल नहीं
बस उसका मौन
हमारी संवेदनहीनता से बड़ा है। 
हमने
हर उस चीज़ को
मताधिकार से वंचित रखा
जिससे हमारा जीवन बचा है। 
 
पेड़
नदियाँ
पर्वत
जंगल
पशु
पक्षी
और बेटियाँ
 
सभी
हमारे निर्णयों का भार ढोते हैं
पर निर्णय लेने का अधिकार
सिर्फ़ मनुष्य के पास है। 
और शायद
यही पृथ्वी का सबसे बड़ा अन्याय है। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
बाल साहित्य कविता
कहानी
दोहे
सांस्कृतिक आलेख
लघुकथा
गीत-नवगीत
ललित निबन्ध
सामाजिक आलेख
चिन्तन
कविता-मुक्तक
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
साहित्यिक आलेख
स्मृति लेख
काम की बात
कविता - हाइकु
ऐतिहासिक
कविता - क्षणिका
व्यक्ति चित्र
किशोर साहित्य कहानी
सांस्कृतिक कथा
स्वास्थ्य
खण्डकाव्य
नाटक
रेखाचित्र
काव्य नाटक
यात्रा वृत्तांत
हाइबुन
पुस्तक समीक्षा
हास्य-व्यंग्य कविता
गीतिका
अनूदित कविता
किशोर साहित्य कविता
एकांकी
ग़ज़ल
बाल साहित्य लघुकथा
सिनेमा और साहित्य
किशोर साहित्य नाटक
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में