बोन्साई वट हुए अब

15-06-2023

बोन्साई वट हुए अब

डॉ. सुशील कुमार शर्मा (अंक: 231, जून द्वितीय, 2023 में प्रकाशित)


यातनाओं के भँवर में
आज डूबा आदमी
कौन इसको बचाए? 
 
गुमशुदा तस्वीर लेकर
खोजता है स्वयं को। 
हर शहर हर गली द्वारे
पुष्ट करता वहम को। 
शब्द कोलाहल बने हैं
भाव संवेदन विमुख। 
दूसरे के दुःख में क्यों
मन तलाशे विरल सुख। 
 
हौसलों के पंख टूटे
आँख में सहमी नमी
घूमते हम डबडबाये। 
 
है ज़मीं उर्वर मगर अब
बीज ऊसर हो गए। 
टूटते संकल्प मन के
धूल-धूसर हो गए। 
कर्म की चौड़ी सड़क अब
रेत की पगडंडियाँ हैं। 
सत्य का बाज़ार ओढ़े
झूठ की जन मंडियाँ हैं। 
 
लिए फिरते खोखला मन
प्रेम की अंतस कमी
घूमते है तन सजाये। 
 
झर रहे पत्ते निरंतर
उम्र की सूखी लताएँ। 
काग़ज़ी सी हो गईं सब
गंधवाही वीथिकाएँ। 
शहर चुपसे गाँव सूने
मनुज ख़ाली कुआँ है। 
बोनसाई वट हुए अब
वेदनाओं का धुआँ है। 
 
सूखती रिश्तों की सरिता
धार में काई जमी
कौन इसको छुटाए? 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

काव्य नाटक
कविता
गीत-नवगीत
दोहे
लघुकथा
कविता - हाइकु
नाटक
कविता-मुक्तक
वृत्तांत
हाइबुन
पुस्तक समीक्षा
चिन्तन
कविता - क्षणिका
हास्य-व्यंग्य कविता
गीतिका
सामाजिक आलेख
बाल साहित्य कविता
अनूदित कविता
साहित्यिक आलेख
किशोर साहित्य कविता
कहानी
एकांकी
स्मृति लेख
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
ग़ज़ल
बाल साहित्य लघुकथा
व्यक्ति चित्र
सिनेमा और साहित्य
किशोर साहित्य नाटक
ललित निबन्ध
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में