मैं पूर्ण न हो सका

01-01-2026

मैं पूर्ण न हो सका

डॉ. सुशील कुमार शर्मा (अंक: 291, जनवरी प्रथम, 2026 में प्रकाशित)

 

मैं पूर्ण न हो सका
यह स्वीकार है
पर यह भी सत्य है
कि मैंने अधूरापन
जान-बूझकर नहीं चुना
 
मैं जन्मा था
अभावों की गोद में
जहाँ खिलौने नहीं
ज़िम्मेदारियाँ मिलती हैं
और लोरियाँ नहीं
चिंताओं की फुसफुसाहट
 
शिक्षा के नाम पर
माँ की छाया से दूर
नाना नानी के आँगन में
सीख लिया
कि अकेलापन
कैसा होता है
और प्रतीक्षा
कितनी भारी होती है
 
माँ का तेज़ स्वभाव
मेरे भीतर
डर बनकर उतर गया
मैं निर्णय से पहले
काँपने लगा
इच्छाशक्ति
धीरे धीरे
मौन हो गई
 
मैं स्वयं से
झूठ बोलता रहा
कि सब ठीक है
और उसी झूठ ने
हर बार
मुझे असफल किया
 
बेरोज़गारी
मेरी सबसे लंबी संगिनी रही
उसने मुझे मजबूर नहीं
भगा दिया
चुनौतियों से
मैं भागता रहा
क्योंकि लड़ना
मुझे किसी ने
सिखाया ही नहीं
 
शादी हो गई
बिना पैरों के
सपनों के साथ
पत्नी मिली
समझदार
संवेदनशील
पर मैं
उसे वह प्यार
न दे सका
जो शब्दों से आगे
होता है
 
घर
माँ के तेज़ स्वर
और ज़िम्मेदारियों के
बीच
मैं भाग्यवादी बन गया
कर्म से डरने लगा
और नियति के पीछे
छिप गया
 
दो बेटियाँ आईं
मेरी दुनिया में
नन्ही रोशनियाँ
जिनके लिए
मैंने
जैसे तैसे
रास्ते बनाए
पढ़ाया
सँभाला
पर उनसे
बात करना
न सीख सका
 
मेरी चुप्पी
उनके बीच
एक दीवार बन गई
वे अपनी दुनिया में
आगे बढ़ीं
और मैं
पीछे रह गया
मूक दर्शक की तरह
 
वे अपने ढंग से
जीना चाहती थीं
मैं चाहता था
उनका सहारा बनूँ
पर स्वयं
खड़ा न हो सका
तो उन्हें
क्या थामता
 
पत्नी
मेरे पास थी
पर मेरे भीतर
नहीं पहुँच सकी
मैंने उसे
समय दिया
पर आत्मा नहीं
 
और अब
जब सब अपने अपने
रास्तों पर हैं
मेरे पास
केवल मैं हूँ
एक खोखला
अकेला
अधूरा व्यक्तित्व
 
मैं शिकायत नहीं करता
बस स्वीकार करता हूँ
कि मैं
पूर्ण न हो सका
पर यह अधूरापन
मेरी सच्चाई है
और शायद
यही मेरी
सबसे ईमानदार
कविता भी। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
गीत-नवगीत
लघुकथा
सांस्कृतिक आलेख
बाल साहित्य कविता
स्मृति लेख
दोहे
कहानी
कविता-मुक्तक
साहित्यिक आलेख
काम की बात
सामाजिक आलेख
कविता - हाइकु
ऐतिहासिक
कविता - क्षणिका
चिन्तन
व्यक्ति चित्र
किशोर साहित्य कहानी
सांस्कृतिक कथा
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
ललित निबन्ध
स्वास्थ्य
खण्डकाव्य
नाटक
रेखाचित्र
काव्य नाटक
यात्रा वृत्तांत
हाइबुन
पुस्तक समीक्षा
हास्य-व्यंग्य कविता
गीतिका
अनूदित कविता
किशोर साहित्य कविता
एकांकी
ग़ज़ल
बाल साहित्य लघुकथा
सिनेमा और साहित्य
किशोर साहित्य नाटक
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में