गुरु पूर्णिमा पर गीत 

15-07-2025

गुरु पूर्णिमा पर गीत 

डॉ. सुशील कुमार शर्मा (अंक: 281, जुलाई द्वितीय, 2025 में प्रकाशित)

 

जीवन जिसने हम पर वारा, 
गुरु को शत-शत नमन हमारा। 
गुरु पूर्णिमा आई है 
ज्ञान की ज्योति लाई है। 
 
अँधियारे में जब थे भटके, 
विद्या दीपक लेकर आए, 
राहों में थे कंकर अटके, 
तिमिर उन्होंने दूर भगाए। 
अक्षर-अक्षर हमें सिखाया, 
पशु से हमको मनुज बनाया। 
हर मुश्किल में साथ निभाया, 
डर को हमसे दूर भगाया। 
 
डगमग नैया थी जीवन की
गुरु ने हमको दिया किनारा। 
गुरु पूर्णिमा आई है 
ज्ञान की ज्योति लाई है
 
सही-ग़लत की समझ सिखाई, 
संस्कारों की नींव बनाई। 
मन में निष्ठा ख़ूब जगाई, 
जीवन को नव राह दिखाई। 
कभी डाँट कर, कभी प्यार से, 
हर पल जीना भी सिखलाया
पिता-सा प्यार, माँ-सी ममता, 
सच्चा ज्ञान हमें बतलाया। 
 
गुरु ही जीवन गुरु ही पूजा
गुरु पर पूरा तन मन वारा। 
गुरु पूर्णिमा आई है
ज्ञान की ज्योति लाई है। 
 
वो माली जो पौधे सींचे, 
आशाओं के मोती खींचे। 
अपने पन के फूल खिलाए, 
ख़ुश्बू से जग को महकाए। 
शब्द शब्द उनके गुरुवाणी, 
गुरुवर की है अमर कहानी, 
ज्ञान की गंगा उनसे बहती, 
करुणा दया हृदय में रहती। 
 
भव सागर से गुरुवर तारो
गुरु ही सत्य सिंधु आधारा। 
गुरु पूर्णिमा आई है, 
ज्ञान की ज्योति लाई है। 
 
नहीं भेद, ना कोई दूजा, 
गुरु चरणों की करते पूजा, 
गुरु ही ब्रह्मा, गुरु सत्य विष्णु, 
गुरु ही होते सबल सहिष्णु। 
गुरु ही सब कष्टों से तारें
गुरु कृपा से सब दुःख हारें। 
गुरुवर के चरणों की छाया
गुरु में ईश्वर को ही पाया। 
 
चरणों में हम शीश झुकाएँ, 
गुरु ने मन व्यक्तित्व सँवारा 
गुरु पूर्णिमा आई है 
ज्ञान की ज्योति लाई है।

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कहानी
सामाजिक आलेख
दोहे
गीत-नवगीत
कविता
कविता - हाइकु
कविता-मुक्तक
कविता - क्षणिका
सांस्कृतिक आलेख
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
लघुकथा
स्वास्थ्य
स्मृति लेख
खण्डकाव्य
ऐतिहासिक
बाल साहित्य कविता
नाटक
साहित्यिक आलेख
रेखाचित्र
चिन्तन
काम की बात
काव्य नाटक
यात्रा वृत्तांत
हाइबुन
पुस्तक समीक्षा
हास्य-व्यंग्य कविता
गीतिका
अनूदित कविता
किशोर साहित्य कविता
एकांकी
ग़ज़ल
बाल साहित्य लघुकथा
व्यक्ति चित्र
सिनेमा और साहित्य
किशोर साहित्य नाटक
ललित निबन्ध
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में