प्रेम की अंतिम व्याख्या

01-07-2026

प्रेम की अंतिम व्याख्या

डॉ. सुशील कुमार शर्मा (अंक: 300, जुलाई प्रथम, 2026 में प्रकाशित)

 

राधा का प्रेम
प्रेम की मधुरतम व्याख्या है।
मीरा का प्रेम
प्रेम की परम व्याख्या है।
 
जहाँ राधा में
कृष्ण के आने की प्रतीक्षा है,
वहाँ मीरा में
कृष्ण के होने की अनुभूति है।
 
राधा के प्रेम में
मिलन की आकांक्षा है।
मीरा के प्रेम में
स्वयं का विसर्जन है।
 
मीरा ने कृष्ण को पाया नहीं,
कृष्ण में स्वयं को खो दिया।
प्रेम की यात्रा में पानेवाला
अक्सर रिक्त रह जाता है,
खोनेवाला पूर्ण हो जाता है।
 
मीरा के पास कृष्ण से माँगने को
कुछ भी शेष नहीं—
न स्वर्ग, न मुक्ति, न सिद्धि, न चमत्कार।
 
मीरा का प्रेम
याचना का द्वार नहीं, अर्पण का उत्सव है।
वह प्रेम में
लेन-देन का लेखा नहीं रखती।
 
न उपकार, न अधिकार,
न प्रतिकार, न प्रतिफल।
 
मीरा जानती है—
जहाँ अपेक्षाएँ जीवित रहती हैं,
वहाँ प्रेम धीरे-धीरे संबंध बन जाता है।
और जहाँ अपेक्षाएँ मर जाती हैं,
वहाँ संबंध प्रेम बन जाता है।
 
मीरा का कृष्ण मंदिर में नहीं है,
मूर्ति में नहीं, शास्त्र में नहीं—
वह तो उसकी श्वासों की लय में है।
 
इसलिए
मीरा कभी अकेली नहीं हुई।
संसार ने उसे त्यागा, किंतु उसने
विरह को भी उत्सव बना लिया।
 
प्रेम का सर्वोच्च रूप
साथ पा लेना नहीं है।
प्रेम का सर्वोच्च रूप—
उस अनुपस्थिति में भी
उपस्थिति का अनुभव करना है।
 
मीरा का प्रेम दीपक की लौ नहीं,
सूर्य का प्रकाश है।
किसी एक क्षण पर निर्भर नहीं,
किसी एक व्यक्ति पर आश्रित नहीं।
वह भीतर से फूटती अनंत ज्योति है।
 
विश्व के अधिकांश प्रेम
किसी न किसी कारण से जन्म लेते हैं—
रूप से, गुण से, संबंध से, सहारे से।
 
मीरा का प्रेम कारणों से परे है—
इसलिए उसका अंत भी नहीं है।
 
प्रेम जब स्वयं को भुला देता है,
तभी वह ईश्वर को पा लेता है।
और शायद इसी कारण मीरा ने
कृष्ण को नहीं खोजा,
अपने भीतर से
मीरा को हटा दिया।
 
शेष रह गए केवल कृष्ण—
और वही प्रेम की अंतिम व्याख्या है।
 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
गीत-नवगीत
कहानी
आप-बीती
कविता-मुक्तक
साहित्यिक आलेख
ग़ज़ल
दोहे
बाल साहित्य कविता
नाटक
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
स्मृति लेख
व्यक्ति चित्र
लघुकथा
सांस्कृतिक आलेख
ललित निबन्ध
सामाजिक आलेख
चिन्तन
काम की बात
कविता - हाइकु
ऐतिहासिक
कविता - क्षणिका
किशोर साहित्य कहानी
सांस्कृतिक कथा
स्वास्थ्य
खण्डकाव्य
रेखाचित्र
काव्य नाटक
यात्रा वृत्तांत
हाइबुन
पुस्तक समीक्षा
हास्य-व्यंग्य कविता
गीतिका
अनूदित कविता
किशोर साहित्य कविता
एकांकी
बाल साहित्य लघुकथा
सिनेमा और साहित्य
किशोर साहित्य नाटक
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में