एक था वीरू

01-12-2025

एक था वीरू

डॉ. सुशील कुमार शर्मा (अंक: 289, दिसंबर प्रथम, 2025 में प्रकाशित)


(धर्मेंद्र जी के लिए श्रद्धांजलि कविता) 
  
गाँव की पगडंडी से शुरू होकर
बंबई की चकाचौंध तक फैली एक यात्रा
धर्मेंद्र, जी आपका जीवन
मानो किसी भूली हुई नदी की कथा हो
जिसने पत्थरों से लड़ते हुए
धूप और अँधेरों को चीरते हुए
अपनी राह ख़ुद बनाई। 
 
“बंदिनी” के शांत, दृढ़ स्वभाव में
आपकी विनम्रता की पहली
झलक दिखी थी
और “फूल और पत्थर” से
जिस धीरज और दमख़म ने
आपको घर-घर पहुँचाया
वह आज भी भारतीय 
फ़िल्मों के इतिहास में
एक स्थायी शिखर 
बन कर खड़ा है। 
 
“सीता और गीता” में सहज हँसी
घर की चौखट पर गूँजते हुए
एक अपनापन रचती है
और “शोले” में वीरू का मस्तमौला मन
आपकी वही आत्मा है
जो जीवन की कठिनाइयों में भी
हँसी के लिए जगह बचाए रखती थी। 
 
आपकी आँखों में हमेशा
एक गाँव का लड़का 
बसता रहा
एक ऐसा लड़का, 
जो मिट्टी की ख़ुश्बू को
अपनी सबसे बड़ी पूँजी मानता था। 
सादगी, विनम्रता, 
और रिश्तों को दिल से निभाने वाली नर्मी
यही आपका वास्तविक सितारापन था। 
 
आज जब हम कहते हैं
कि तुम ईश्वर के पास चले गए, 
तो लगता है
मानो “शोले” का वह दृश्य
फिर से आँखों में चमक उठा हो
जहाँ जय वीरू को छोड़ कर जाता है
और आज वीरू 
जय को छोड़ कर चला गया। 
 
आपकी यात्रा
सिर्फ़ फ़िल्मों की यात्रा नहीं थी, 
वह संघर्ष से भरी वह सड़क थी
जिस पर चलता आदमी
अपनी मेहनत से सितारा बनता है
और सितारा होकर भी
इंसान बना रहता है। 
 
धर्मेंद्र जी
आज आपकी मुस्कान
हमारी स्मृतियों के आकाश में टिकी है
और तुम्हारी सहजता
फ़िल्मों के हर उस दृश्य में जीवित है
जहाँ प्रेम और मनुष्यता
एक साथ साँस लेते हैं। 
 
ईश्वर आपको आत्मा को शान्ति दे
और हम, 
आपकी उन सभी किरदारों में
हमेशा जीवित पाएँगे
जहाँ आपने हमें
थोड़ा अधिक दयालु
थोड़ा अधिक साहसी
और थोड़ा अधिक 
मनुष्य बनना सिखाया। 
विनम्र श्रद्धांजलि। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
लघुकथा
व्यक्ति चित्र
किशोर साहित्य कहानी
कहानी
कविता - क्षणिका
दोहे
सांस्कृतिक कथा
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
सामाजिक आलेख
ललित निबन्ध
कविता - हाइकु
साहित्यिक आलेख
सांस्कृतिक आलेख
कविता-मुक्तक
गीत-नवगीत
स्वास्थ्य
स्मृति लेख
खण्डकाव्य
ऐतिहासिक
बाल साहित्य कविता
नाटक
रेखाचित्र
चिन्तन
काम की बात
काव्य नाटक
यात्रा वृत्तांत
हाइबुन
पुस्तक समीक्षा
हास्य-व्यंग्य कविता
गीतिका
अनूदित कविता
किशोर साहित्य कविता
एकांकी
ग़ज़ल
बाल साहित्य लघुकथा
सिनेमा और साहित्य
किशोर साहित्य नाटक
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में