मेरी भूमिका

15-03-2025

मेरी भूमिका

डॉ. सुशील कुमार शर्मा (अंक: 273, मार्च द्वितीय, 2025 में प्रकाशित)

विश्व महिला दिवस पर मातृशक्ति को समर्पित

 

सृष्टि के प्रथम सोपान से
आज के अविरल विकास महान तक। 
मेरी भूमिका का संदर्भ
अहो! प्रश्न चिह्न कितना दुःखद। 
 
सनातन संस्कृति का आरंभ
सृष्टि के प्रथम बीज का रोपण
मेरी गर्भनाल से प्रारम्भ। 
आदि मानव की संगनी से लेकर
व्यस्ततम प्रगति सोपानों तक
मेरी भूमिका का संदर्भ
अहो! प्रश्न चिह्न कितना दुःखद। 
 
ऋग्वेद से लेकर बाज़ारीकरण तक
कितनी अकेली मेरी अंतस यात्रा
हर समय सिर्फ़ त्याग और बलिदान। 
न जी सकी कभी अपना काल
सदा बनती रही पूर्ण विराम। 
विकास के अविरल पथ पर
मेरी भूमिका का संदर्भ
अहो! प्रश्न चिह्न कितना दुःखद। 
 
मैं दुर्गा गार्गी मैत्रयी से लेकर
वर्तमान की अत्याधुनिक वेषधारी
कितनी असहनीय अमानवीय यात्रओं को सहती। 
मेरे तन ने अनेक रूप बदले
मन लेकिन वही सात्विक शुद्ध
मानवीय मूल्यों को समेटे
नित नए संकल्पों में विकल्प ढूँढ़ती
मेरी भूमिका का संदर्भ
अहो! प्रश्न चिह्न कितना दुःखद। 
 
क्षितिज के पार महाकाश दृश्य
शब्दों सी स्वयं प्रकाशित स्वयं सिद्ध
काल की सीमाओं से परे मेरा व्यक्तित्व। 
देश नहींं विश्व निर्माण में मेरा अस्तित्व। 
मेरी भूमिका का संदर्भ
अहो! प्रश्न चिह्न कितना दुःखद। 
 
हर युग हर काल में मेरा रुदन
विरोधाभास और विडम्बनाएं गहन
अंतस में होता हमेशा मेरे नव सृजन
हर देश हर काल का विकास पथ
है मेरे इतर शून्यतम। 
मेरी भूमिका का संदर्भ
अहो! प्रश्न चिह्न कितना दुःखद। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

गीत-नवगीत
कविता
सामाजिक आलेख
काव्य नाटक
दोहे
लघुकथा
कविता - हाइकु
नाटक
कविता-मुक्तक
यात्रा वृत्तांत
हाइबुन
पुस्तक समीक्षा
चिन्तन
कविता - क्षणिका
हास्य-व्यंग्य कविता
गीतिका
बाल साहित्य कविता
अनूदित कविता
साहित्यिक आलेख
किशोर साहित्य कविता
कहानी
एकांकी
स्मृति लेख
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
ग़ज़ल
बाल साहित्य लघुकथा
व्यक्ति चित्र
सिनेमा और साहित्य
किशोर साहित्य नाटक
ललित निबन्ध
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में