अर्धनारीश्वर

15-08-2025

अर्धनारीश्वर

डॉ. सुशील कुमार शर्मा (अंक: 282, अगस्त प्रथम, 2025 में प्रकाशित)

 

जब ब्रह्मांड ने पहली साँस ली,
वह अकेला नहीं था।
उसमें एक स्वर था
शिव का मौन,
और उसमें एक रंग था
शक्ति का स्पंदन।
 
दोनों अलग नहीं थे,
पर रूप में भिन्न दीखते थे।
एक सघन तप का धवल हिम,
दूसरा उष्ण करुणा का रक्तिम सिंदूर।
और उसी क्षण,
अर्धनारीश्वर प्रकट हुए।
 
दाएँ भाग में शिव
भस्म से अलंकृत,
जटाओं में गंगा का प्रवाह,
नेत्रों में गहन ध्यान का सागर।
बाएँ भाग में शक्ति
कुंतलों में कस्तूरी की गंध,
अक्षियों में करुणा की लहरें,
कण्ठ में रागिनी की अनुगूँज।
 
यह मिलन केवल रूप का नहीं,
यह ब्रह्मांड का संतुलन था।
जहाँ कठोरता को कोमलता ने थामा,
और तपस्या को ममता ने छुआ।
 
अर्धनारीश्वर
मानव को यह स्मरण कराते हैं
कि आधा अस्तित्व बाहर का है,
आधा भीतर का।
आधा पुरुष की स्थिरता,
आधा स्त्री की सरसता।
एक के बिना दूसरा
अपूर्ण है।
 
यह वह सत्य है
जो यज्ञों के मंत्रों में नहीं,
बल्कि आत्मा की गहराई में गूँजता है।
 
जब साधक ध्यान में बैठता है,
वह पाता है
कि भीतर शिव हैं
और वहीं पार्वती भी।
और जब वह उन्हें एक मान लेता है,
तभी उसके भीतर
पूर्णता का उदय होता है।
 
शिव का अर्धनारीश्वर रूप
सिखाता है
कि जीवन कोई युद्ध नहीं
पुरुष और स्त्री का,
बल्कि एक महादेव का
अपना ही प्रतिबिंब
दो रूपों में देखना।
 
वह रूप कहता है
मैं आधा तुम हूँ,
तुम आधी मैं।
हम मिलकर ही
अनंत हैं।
 
अर्धनारीश्वर 
प्रेम का सबसे गूढ़ दर्शन,
और अस्तित्व का सबसे बड़ा सत्य है।

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
दोहे
कहानी
गीत-नवगीत
सामाजिक आलेख
कविता - हाइकु
कविता-मुक्तक
कविता - क्षणिका
सांस्कृतिक आलेख
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
लघुकथा
स्वास्थ्य
स्मृति लेख
खण्डकाव्य
ऐतिहासिक
बाल साहित्य कविता
नाटक
साहित्यिक आलेख
रेखाचित्र
चिन्तन
काम की बात
काव्य नाटक
यात्रा वृत्तांत
हाइबुन
पुस्तक समीक्षा
हास्य-व्यंग्य कविता
गीतिका
अनूदित कविता
किशोर साहित्य कविता
एकांकी
ग़ज़ल
बाल साहित्य लघुकथा
व्यक्ति चित्र
सिनेमा और साहित्य
किशोर साहित्य नाटक
ललित निबन्ध
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में