अष्टांग योग गीत

01-07-2026

अष्टांग योग गीत

डॉ. सुशील कुमार शर्मा (अंक: 300, जुलाई प्रथम, 2026 में प्रकाशित)


चित्त की चंचल लहरें रोकें, 
अन्तस आलोक जगाएँ हम।
आओ साधक! पतंजलि का, 
अष्टांग योग अपनाएँ हम।
 
प्रथम सीढ़ी ‘यम’ की है भाई,
सत्य-अहिंसा मन में लाना।
अस्तेय, ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह को, 
तुम जीवन का मूल बनाना।
शुचिता, संतोष, तप, स्वाध्याय,
‘नियम’ की राह दिखाता है।
ईश्वर-प्रणिधान का सुमिरन करना, 
मन का मैल मिटाता है।
बाहर भटक रहे तन मन को
अंतर्मुख कर लाएँ हम।
आओ साधक! पतंजलि का, 
अष्टांग योग अपनाएँ हम।
  
‘आसन’ से यह काया सधती
स्थिर-सुख का भाव जगे।
प्राणों का आयाम बढ़ाकर,
‘प्राणायाम’ में ध्यान लगे।
‘प्रत्याहार’ सिखाए हमको,
इन्द्रिय-वेग को कैसे रोकें।
भीतर की गङ्गा में डूब कर, 
बाहर के भ्रम कैसे टोकें।
 पाकर परम शून्य का वैभव, 
शिवमय ही हो जाएँ हम।
आओ साधक!पतंजलि का, 
अष्टांग योग अपनाएँ हम।
  
‘धारणा’ एकाग्र करें मन, 
लक्ष्य एक ही पाएँ हम।
अविच्छिन्न चेतना की धारा,
‘ध्यान’ रूप कहलाएँ हम।
जब ध्याता और ध्यान मिटे, 
बस ध्येय मात्र रह जाता है।
वही विलोप ‘समाधि’ की
पावन वेला बन जाता है।
बहिरंग साधना से उठकर, 
अंतरंग हो जाएँ हम।
आओ साधक! पतंजलि का 
अष्टांग योग अपनाएँ हम।
  
चित्त की चंचल लहरें रोकें, 
अन्तस आलोक जगाएँ हम।
आओ साधक!पतंजलि का, 
अष्टांग योग अपनाएँ हम।

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
गीत-नवगीत
कहानी
आप-बीती
कविता-मुक्तक
साहित्यिक आलेख
ग़ज़ल
दोहे
बाल साहित्य कविता
नाटक
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
स्मृति लेख
व्यक्ति चित्र
लघुकथा
सांस्कृतिक आलेख
ललित निबन्ध
सामाजिक आलेख
चिन्तन
काम की बात
कविता - हाइकु
ऐतिहासिक
कविता - क्षणिका
किशोर साहित्य कहानी
सांस्कृतिक कथा
स्वास्थ्य
खण्डकाव्य
रेखाचित्र
काव्य नाटक
यात्रा वृत्तांत
हाइबुन
पुस्तक समीक्षा
हास्य-व्यंग्य कविता
गीतिका
अनूदित कविता
किशोर साहित्य कविता
एकांकी
बाल साहित्य लघुकथा
सिनेमा और साहित्य
किशोर साहित्य नाटक
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में