ईंट की व्यथा

01-11-2023

ईंट की व्यथा

हेमन्त कुमार शर्मा (अंक: 240, नवम्बर प्रथम, 2023 में प्रकाशित)

 

होश आने पर टूटे मकान की ईंट चिल्ला पड़ी थी। कई वर्षों से एक मकान के रूप में प्लास्टर के भीतर छुपी बैठी आरामपरस्त हो गई थी। पर एक इत्मीनान भी था अपने होने का या उसे घमंड कहें। ‘हूँ’ ही तो अहंकार है। 

आज बाहर का वातावरण देख घबरा गई। कुछ व्यक्ति लाठी हाथ में लिए चमके। बड़ी मशीन, लोहे का पँजा सा। पास खड़ा कोई व्यक्ति बिखरता रोता। ध्यान से देखा यह वही तो है जिसने कुछ वर्ष पहले भट्टे से उसे चुना था, मकान का एक हिस्सा बनने के लिए। 

ईंट थरथरा पड़ी ‘इसकी क्या दशा हो गई है’। वह अपनी गत भी भूल गई। 

बहुत लोग इकट्ठे थे। किसी के हाथ में काग़ज़, आँखों में हेकड़ी थी। परन्तु उसका क्रय करने वाला मायूस एक कोने में खड़ा था। 

शायद काम निबट गया। भीड़ चली गई। वह व्यक्ति रुआँसा उसकी ओर बढ़ा और हाथों में समेट कर अपने मैले-कुचैले परने में उठा लिया। कुछ और इंटें भी साथ ली। 

किसी ने पूछा, “क्या करते हो?” 

उसने कहा, “चूल्हा बनाऊँगा। शाम का भोजन बनाना ही पड़ेगा। मकान नष्ट हुआ है, भूख नहीं।”

ईंट तपने के लिए तैयार थी। कम से कम वह कुछ खा तो पाएगा। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
कहानी
लघुकथा
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
नज़्म
सांस्कृतिक कथा
चिन्तन
ललित निबन्ध
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में