जीवन की संध्या

15-05-2025

जीवन की संध्या

सरोजिनी पाण्डेय (अंक: 277, मई द्वितीय, 2025 में प्रकाशित)

 

बहती नदिया के तट बैठी
जीवन की संध्या तकती हूँ 
पल-पल गहराते इस तम में
होते परिवर्तन लखती हूँ, 
 
यौवन का सिंदूरी सूरज 
जब अस्ताचल नंघ जाएगा 
मेरे जीवन का साथी ही
तब चंदा-सा मुस्काएगा, 
 
जीवन पथ चमक उठा जिनसे, 
वे अग्रज दीपों जैसे हैं 
इस जीवन संध्या में भी वे 
नित हृदय प्रकाशित करते हैं, 
 
अपने अनुभव आलोक से वे
मग का दिग्दर्शन करते हैं, 
मेरे मन के आँगन में सब
दीपों से झिलमिल करते हैं, 
 
छोटी-छोटी मधुरिम यादें
जुगनू सी चमक दिखाती हैं, 
कुछ क्षण आँखों के आगे आ
स्मृतिओं में लुक जाती हैं, 
 
शुभ कर्म किए जो कुछ हमने 
उनसे जीवन को अर्थ मिला, 
फैली सुवास इस संध्या में 
मानो निशिगंधा फूल खिला, 
 
संतति-मित्रों की टोली जो
फैली है पूरी जगती में, 
नक्षत्रों-तारावलियों सी 
संतुष्टि भरती है मन में, 
 
जीवन पथ पर जो स्नेह मिला 
वह धवल चंद्रिका जैसा है, 
इस ढलती काया को भी वह, 
सिहरन बन शीतल करता है, 
 
धीरे-धीरे यह संध्या ही
रजनी बनकर ढल जाएगी 
आएगी फिर वह 'महानिशा'
जो चिर निद्रा में सुलायेगी। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
अनूदित लोक कथा
ललित निबन्ध
सामाजिक आलेख
दोहे
चिन्तन
सांस्कृतिक कथा
आप-बीती
सांस्कृतिक आलेख
यात्रा-संस्मरण
काम की बात
यात्रा वृत्तांत
स्मृति लेख
लोक कथा
लघुकथा
कविता-ताँका
ऐतिहासिक
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में