नववर्ष की पूर्व संध्या पर

01-01-2026

नववर्ष की पूर्व संध्या पर

अमरेश सिंह भदौरिया (अंक: 291, जनवरी प्रथम, 2026 में प्रकाशित)

 

सूर्य संवेदना पुष्पे, दीप्ति कारुण्यगंधने। 
लब्ध्वा शुभं नववर्षेऽस्मिन् कुर्यात्सर्वस्य मंगलम्॥

जैसे सूर्य प्रकाश देता है, संवेदना करुणा को जन्म देती है, फूल हमेशा महकता रहता है। इसी तरह, नया साल आपके लिए हर दिन, हर पल मंगलमय हो। 

नए साल का स्वागत लोग नई उम्मीदों व आशाओं से करते हैं। लोगों की यह अपेक्षा होती है कि आने वाला साल ख़ुशियों से भरा होगा। हालाँकि, साल को बेहतर बनाने के लिए कुछ प्रयास स्वयं भी करने पड़ते हैं। इसी उद्देश्य से नए साल की शुरूआत में संकल्प लेने की परंपरा है। ये संकल्प लोगों को नए साल के साथ अपने जीवन को बेहतर बनाने की प्रेरणा देते हैं। जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और कुछ अच्छा हासिल करने के लिए व्यक्ति स्वयं को प्रोत्साहित करते हुए निर्णय लेता है और पूरे वर्ष उन पर दृढ़ता से चलने का प्रयास करता है। नए साल के संकल्प केवल कपल या वयस्कों तक ही सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि बच्चों को भी ऐसे संकल्प लेने चाहिए। माता-पिता का दायित्व है कि वे अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उन्हें नए साल के दृढ़ संकल्पों के महत्त्व से अवगत कराएँ और प्रोत्साहित करें। अगले भाग में बच्चों के लिए नए साल के ऐसे प्रेरक संकल्पों के बारे में बताया गया है, जो उनके व्यक्तित्व विकास और उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकते हैं। 

अभिभावकों को चाहिए कि बच्चे को अपनी सेहत का ख़्याल रखना सिखाएँ। इसलिए बच्चे से ऐसा संकल्प दिलवा सकते हैं, जिससे वह सेहतमंद रहने के लिए नियमित व्यायाम या योगाभ्यास करे। मानसिक और शारीरिक तौर से सक्रिय रहने के लिए वह किसी स्पोर्ट एक्टिविटी में शामिल हो सकता है या सुबह जल्दी उठने की आदत डाल सकता है। 

अक्सर बच्चे खाने-पीने को लेकर बहुत आनाकानी करते हैं। वह बाहर का जंक फ़ूड खाना पसंद करते हैं लेकिन दूध, हरी सब्ज़ियों के सेवन पर मुंँह बनाते हैं। अगर आपका बच्चा भी पौष्टिक भोजन, हरी सब्ज़ी आदि खाने में आनाकानी करता है, तो नए साल से उसे हरी सब्ज़ियों के सेवन करने का संकल्प दिलाएँ। 

अगर आपके बच्चे में कोई बुरी आदत है, तो उसे छोड़ने का बच्चे से नए साल पर संकल्प कराएँ। बच्चा झूठ बोलता हो, या अपशब्दों का इस्तेमाल करता हो तो उसे समझाएँ कि यह ग़लत है और साल 2026 से वह प्रयास करें कि उसे झूठ व अपशब्द न बोलने पड़ें। ऐसा करने से बच्चा जब भी झूठ बोलने का प्रयास करेगा उसे वादा याद आ जाएगा। 

हर अभिभावक चाहता है कि उनका बच्चा पढ़ाई में अच्छा हो। वह अच्छी शिक्षा हासिल करे और क्लास व परीक्षा में बेहतर नंबर लाए। बच्चे से वादा लें कि नए साल से वह पढ़ाई में बेहतर करने का प्रयास करेगा। बच्चे के साथ बात करके उसके लिए कोई लक्ष्य तय कर दें, जिसे उसे साल 2026 में पूरा करना होगा। जैसे। डिक्शनरी के शब्दों को तय समय में याद करना, परीक्षा परिणाम के लिए प्रतिशत तय करना आदि। 

बच्चे के बेहतर भविष्य के लिए उसे बचत करना सिखाएँ। बच्चे के लिए एक पिगी बैंक लाएँ और उससे वादा लें कि नए साल से हर महीने उसे कुछ बचत करनी होगी, ताकि साल के अंत तक उसका पिगी बैंक भर जाए। ऐसा करने से बच्चा बचत करना सीखेगा, जो उसके भविष्य को बेहतर बनाने में काम आएगा। 

हर नया साल कुछ नई उम्मीदें लेकर आता है और बहुत से लोग हर बार नववर्ष पर संकल्प करते हैं लेकिन इनमें से अधिकांश संकल्प टूट जाते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो इनका टूटना लाज़िमी है क्योंकि आधे-अधूरे मन से सिर्फ़ रस्म अदायगी के लिए किए गए वादे कभी पूरे नहीं होते। 
 
नववर्ष
सोहनलाल द्विवेदी

 
स्वागत! जीवन के नवल वर्ष
आओ, नूतन-निर्माण लिये, 
इस महा जागरण के युग में
जाग्रत जीवन अभिमान लिये; 
 
दीनों दुखियों का त्राण लिये
मानवता का कल्याण लिये, 
स्वागत! नवयुग के नवल वर्ष! 
तुम आओ स्वर्ण-विहान लिये। 
 
संसार क्षितिज पर महाक्रान्ति
की ज्वालाओं के गान लिये, 
मेरे भारत के लिये नई
प्रेरणा नया उत्थान लिये; 
 
मुर्दा शरीर में नये प्राण
प्राणों में नव अरमान लिये, 
स्वागत! स्वागत! मेरे आगत! 
तुम आओ स्वर्ण विहान लिये! 
 
युग-युग तक पिसते आये
कृषकों को जीवन-दान लिये, 
कंकाल-मात्र रह गये शेष
मज़दूरों का नव त्राण लिये; 
 
श्रमिकों का नव संगठन लिये, 
पददलितों का उत्थान लिये; 
स्वागत! स्वागत! मेरे आगत! 
तुम आओ स्वर्ण विहान लिये! 
 
सत्ताधारी साम्राज्यवाद के
मद का चिर-अवसान लिये, 
दुर्बल को अभयदान, 
भूखे को रोटी का सामान लिये; 
 
जीवन में नूतन क्रान्ति
क्रान्ति में नये-नये बलिदान लिये, 
स्वागत! जीवन के नवल वर्ष
आओ, तुम स्वर्ण विहान लिये! 

 

नई शुरूआत और अनंत संभावनाओं के लिए शुभकामनाएँ। यह वर्ष सफलता, ख़ुशियों और यादगार पलों से भरा हो। जैसे ही घड़ी आधी रात को बजाती है, आइए कृतज्ञता और उत्साह के साथ आगे की यात्रा को स्वीकार करें। सभी को समृद्ध और संतुष्टिदायक नव वर्ष की शुभकामनाएँ! 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
सामाजिक आलेख
सांस्कृतिक आलेख
चिन्तन
साहित्यिक आलेख
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
ऐतिहासिक
लघुकथा
किशोर साहित्य कविता
कहानी
सांस्कृतिक कथा
ललित निबन्ध
शोध निबन्ध
ललित कला
पुस्तक समीक्षा
कविता-मुक्तक
हास्य-व्यंग्य कविता
गीत-नवगीत
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में