बुनियाद

01-09-2025

बुनियाद

अमरेश सिंह भदौरिया (अंक: 283, सितम्बर प्रथम, 2025 में प्रकाशित)

 

इमारतें सिर उठाती हैं, 
मीनारें आसमान से बातें करती हैं, 
झरोखे गीत गुनगुनाते हैं, 
और दीवारें क़िस्से कहती हैं। 
 
पर . . . 
इन सबके नीचे
कहीं गुमनाम
धड़कती रहती है—
एक बुनियाद। 
 
जो दिखती नहीं, 
पर होती है। 
जो बोलती नहीं, 
पर हर आँधी से
लड़ती है। 
 
संबंधों की भी
कुछ बुनियादें होती हैं। 
मौन में पिघलती, 
समर्पण में जीती, 
त्याग में सजीव होतीं। 
 
हम अक्सर
दीवारों को रँगते हैं, 
छतों को ऊँचा करते हैं, 
साज-सज्जा में लगे रहते हैं, 
पर भूल जाते हैं
उस अदृश्य बुनियाद को
जो सब कुछ थामे हुए है। 
 
समय की आँधियाँ
जब रिश्तों की दीवारों को
डगमगाती हैं, 
तब याद आती है
वही बुनियाद। 
 
जीवन में
कभी-कभी लौटना चाहिए
उसी मिट्टी तक
जहाँ खड़े हुए थे हम। 
 
क्योंकि—
बिना बुनियाद के
किसी भी इमारत का
कोई अर्थ नहीं होता। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
सामाजिक आलेख
सांस्कृतिक आलेख
लघुकथा
साहित्यिक आलेख
सांस्कृतिक कथा
ऐतिहासिक
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
ललित निबन्ध
चिन्तन
शोध निबन्ध
कहानी
ललित कला
पुस्तक समीक्षा
कविता-मुक्तक
हास्य-व्यंग्य कविता
गीत-नवगीत
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में