अमरबेल

अमरेश सिंह भदौरिया (अंक: 284, सितम्बर द्वितीय, 2025 में प्रकाशित)

 

वह उगी नहीं थी अपनी जड़ से, 
किसी और की हरी डाल पर
धीरे-धीरे लिपटी थी, 
मृदुल स्पर्शों से—
मानो सहारा दे रही हो! 
 
पर सहारा कहाँ था वह, 
धीरे-धीरे निचोड़ लिया
उसने हरियाली का सार, 
और रह गई
स्वयं हरी—पर परजीवी। 
 
उसे फूल नहीं चाहिए थे, 
न ही फल की आकांक्षा, 
बस पत्तियों की आड़ में
किसी और का जीवन
अपने नाम करना था। 
 
कई रिश्ते अमरबेल हैं, 
जो लिपट जाते हैं
आशाओं पर, सपनों पर, 
और धीरे-धीरे
खोखला कर देते हैं आत्मा को। 
 
क्या तुमने पहचाना है उन्हें? 
जो प्रेम की ओट में
संघर्षों का रस चुराते हैं
और फिर भी
“अपनेपन” का दावा करते हैं। 
 
अमरबेल सुंदर हो सकती है, 
पर वह वृक्ष नहीं बनती—
वह पनपती है किसी और के जीवन से, 
और यही है उसका
एक मौन, लेकिन गहरा अपराध। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

लघुकथा
कविता
सामाजिक आलेख
किशोर साहित्य कविता
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
सांस्कृतिक आलेख
साहित्यिक आलेख
कहानी
चिन्तन
सांस्कृतिक कथा
ऐतिहासिक
ललित निबन्ध
शोध निबन्ध
ललित कला
पुस्तक समीक्षा
कविता-मुक्तक
हास्य-व्यंग्य कविता
गीत-नवगीत
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में