लेबर चौराहा

01-05-2025

लेबर चौराहा

अमरेश सिंह भदौरिया (अंक: 276, मई प्रथम, 2025 में प्रकाशित)

 

वो नहीं करता भाषण, 
न सोशल मीडिया पर डालता अपनी मेहनत की तस्वीरें। 
उसकी ज़िंदगी
जैसे भोर का सूरज—
सिर पर ईंटों की तरह चढ़ता है हर दिन। 
 
लेबर चौराहा
उसका ऑफ़िस नहीं, 
वो चबूतरा है जहाँ
सपने खड़े होते हैं
सस्ती मज़दूरी की उम्मीद में। 
 
वो प्रेम नहीं करता शायरी में, 
करता है
बच्चे की टूटी चप्पल सिलवाने में, 
बिटिया के लिए मेले से चूड़ी लाने में। 
उसका प्यार
रोटी के चार टुकड़ों में बँटा होता है
—पर सबसे बड़ा हिस्सा घर भेज देता है। 
 
वो आदमी
कभी मंदिर की सीढ़ियों पर सुस्ताता है, 
कभी नाली के किनारे बैठकर
बीड़ी सुलगाता है—
उसकी थकान
कोई नहीं देखता। 
 
उसकी बीवी गाँव में
हर शाम सूरज ढलने तक
आसमान को निहारती है
—क्या आज काम मिला होगा? 
 
लेबर चौराहा
कोई चौराहा नहीं, 
ये एक कविता है
जो हर रोज़ चुपचाप लिखी जाती है
—मिट्टी, पसीने और इंतज़ार से। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

ललित निबन्ध
कविता
सांस्कृतिक आलेख
चिन्तन
सामाजिक आलेख
शोध निबन्ध
कहानी
ललित कला
साहित्यिक आलेख
पुस्तक समीक्षा
लघुकथा
कविता-मुक्तक
हास्य-व्यंग्य कविता
गीत-नवगीत
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में