नक़ली नगरपालिका . . . ख़याल अच्छा है

01-07-2026

नक़ली नगरपालिका . . . ख़याल अच्छा है

वीरेन्द्र बहादुर सिंह  (अंक: 300, जुलाई प्रथम, 2026 में प्रकाशित)

 

“सर, मुझे बहुत बढ़िया आइडिया मिला है। हमारे यहाँ शहरों के प्रशासन का बेड़ा पार हो जाए ऐसा उपाय है,” सचिव ने मंत्रीजी को ख़ुशख़बरी दी। 

“वाह, यह आइडिया कहाँ से मिला? किसी फ़िल्म से या सोशल मीडिया से? या फिर दुनिया के किसी दूसरे देश से?” मंत्रीजी ने उत्सुकता से पूछा। 

“सर, अब हम आइडिया के मामले में भी आत्मनिर्भर हैं। उल्टा दुनिया के देशों को हमसे आइडिया लेने आना पड़ेगा। यह बिलकुल स्वदेशी घटना से आया हुआ आइडिया है, सर।”

मंत्रीजी ख़ुश हो गए।

“ठीक है, हम ऐसे ही थोड़े न विश्वगुरु हैं।”

सचिव ने आगे कहा, “सर, अभी सूरत में ऐसा हुआ कि एक जगह पर ध्वस्तीकरण (डिमोलिशन) हुआ। बाद में पूछताछ हुई तो नगरपालिका ने कहा कि हमने तो कोई ध्वस्तीकरण किया ही नहीं। मतलब कोई नक़ली नगरपालिका वाले आकर ध्वस्तीकरण करके चले गए।”

“क्या?” मंत्रीजी की आँखें चौड़ी हो गईं। “हमारे यहाँ अब नक़ली नगरपालिका भी खड़ हो गए? नक़लीपन का इतना विकास ज़मीनी स्तर तक? इससे तुमने कौन-सा आइडिया निकाला?”

सचिव थोड़ा संकोच के साथ बोला, “सर, आप तो जानते ही हैं कि नगरपालिकाओं में पानी, कचरा, सड़कों के गड्ढे, अतिक्रमण जैसे बहुत सारे सवाल होते हैं।”

इस बार मंत्रीजी ने आँखें तरेर लीं, “व्हाट? लगता है तुम किसी विपक्षी नेता के साथ चाय पीकर आए हो।”

सचिव ने मंत्रीजी की ख़ुशामद करते हुए कहा, “सर, आपके राज में तो विपक्ष की पानी माँगने की भी हिम्मत नहीं बची है, वे किसी को क्या चाय पिलाते होंगे।”

“हाँ, ठीक है,” मंत्रीजी थोड़ा प्रसन्न हुए। फिर पूछा, “अब यह बताओ कि वह आइडिया क्या है?”

“जी सर, मैं यही कह रहा था कि अब से शहरों में कोई भी छोटी-बड़ी समस्या हो तो हम कह देंगे कि यह सब किसी नक़ली म्युनिसिपैलिटी का कारनामा है। नए-नकोर बने रास्तों में गड्ढे पड़ जाएँ तो कहेंगे कि कोई नक़ली नगरपालिका वाले गड्ढे खोद गए। अतिक्रमण हो तो कहेंगे कि यह नक़ली म्युनिसिपैलिटी वालों ने कराया है। कहीं पानी नहीं आता हो या दूषित पानी आता हो तो कहेंगे कि यह नक़ली म्युनिसिपैलिटी की हरकत है। संक्षेप में कुछ भी ग़लत या अधूरा हो तो उसका ठीकरा इस नक़ली म्युनिसिपैलिटी पर फोड़ देंगे।”

मंत्रीजी ख़ुशी के मारे अपनी जगह से उठने ही वाले थे कि अचानक कुछ सोचकर फिर बैठ गए, “तुम्हारा आइडिया तो अच्छा है, लेकिन फिर जनता हमसे यह नहीं पूछेगी कि अगर नक़ली म्युनिसिपैलिटी का इतना उत्पात है तो तुम उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई क्यों नहीं करते?”

सचिव मंत्रीजी के पास जाकर बोला, “आप चिंता मत कीजिए। आजकल जनता असली सवाल पूछना ही भूल गई है। पूरी जनता भी नक़ली मुद्दों में ही उलझी रहती है।”

मंत्रीजी और उनके साथ सचिव भी ज़ोर से बिलकुल असली हँसी हँस पड़े। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
ललित निबन्ध
साहित्यिक आलेख
बाल साहित्य कहानी
कविता
काम की बात
कहानी
किशोर साहित्य कहानी
सामाजिक आलेख
चिन्तन
ऐतिहासिक
ललित कला
सांस्कृतिक आलेख
लघुकथा
तकनीकी
सिनेमा और साहित्य
स्वास्थ्य
सिनेमा चर्चा
पुस्तक चर्चा
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में