अधूरी किताब, रुके हुए सपने

01-02-2026

अधूरी किताब, रुके हुए सपने

डॉ. प्रियंका सौरभ (अंक: 293, फरवरी प्रथम, 2026 में प्रकाशित)

 

छोटी‑सी वो लड़की है, 
मन में स्कूल बसाए, 
लेकिन घर के कामों ने, 
उसके पंख कतराए। 
 
सुबह‑सुबह वो बैग उठाकर 
दहलीज़ पे रुक जाती है, 
माँ की आवाज़–“पहले काम”–
सुन‑सुन के थक जाती है। 
 
ब्लैकबोर्ड और खड़िया वाली 
वो पहली प्यारी कक्षा, 
अब रसोई के धुएँ में खोकर 
बन गई बस एक इच्छा। 
 
सहेली साइकिल से जाती है 
स्कूल की हँसती राहों पर, 
और ये बरतन, झाड़ू, रोते बच्चे 
बाँधें इसकी चाहों पर। 
 
दीवारों पर नारा लिखा है—
“बेटी पढ़े तो देश बढ़े”, 
पर इसकी कॉपी के सारे पन्ने 
बस अलमारी में ही पड़े। 
 
रात को जब सब सो जाते हैं, 
ये चुपके कॉपी खोलती है, 
अपने ही नाम को छू‑छू कर 
भीतर हौले से बोलती है। 
 
सोचती है, काश किसी दिन फिर 
स्कूल की घंटी यूँ बजे, 
मेरा भी नाम पुकारे कोई–
“आ जा, आज देर न हो तुझे।” 
 
सपनों से वो वादा करती—
एक न एक दिन भोर आएगी, 
मेरी नहीं, पर मेरी जैसी 
कोई लड़की ज़रूर पढ़ पाएगी। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
कहानी
सामाजिक आलेख
किशोर साहित्य कविता
दोहे
लघुकथा
सांस्कृतिक आलेख
हास्य-व्यंग्य कविता
शोध निबन्ध
काम की बात
स्वास्थ्य
ऐतिहासिक
कार्यक्रम रिपोर्ट
चिन्तन
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में