जब तक रावण ज़िन्दा है रामराज्य कैसे आएगा? 

15-11-2025

जब तक रावण ज़िन्दा है रामराज्य कैसे आएगा? 

विनय कुमार ’विनायक’ (अंक: 288, नवम्बर द्वितीय, 2025 में प्रकाशित)

 

जबतक रावण ज़िन्दा है 
रामराज्य कैसे आएगा? 
सच पूछो तो रामराज्य लाने के लिए 
कैकई जैसी माँ को माँ बनने से पूर्व 
अक्षर ज्ञान देना होगा! 
 
माता यदि अनपढ़ होगी तो 
भरत की माँ कैकई 
और रावण की माता कैकसी में 
कुछ भी अंतर नहीं होगा 
चाहे दशरथ जैसा विनम्र पति हो या 
विश्रवा सा ज्ञानी ऋषि 
भरत तो होगा रावण भी होगा पर 
राम सा आज्ञाकारी पुत्र होगा नहीं
संतति के चरित्र निर्माण में 
माँ का योगदान पिता से होता ज़्यादा ही! 
 
नारी में एक बीमारी होती 
पिता पति पुत्र से पहले सलाह नहीं लेती 
नारी सखी सहेली चेरी यहाँ तक कि 
दासी के सलाह पर चलती रही
अस्तु मंथरा जैसी कूटनी से 
माँ बहन बेटी को बचाए रखना होगा
रामराज्य के लिए राम को वन नहीं 
संसद व राजसभा भेजना होगा
सीता को सोना ना पहनाना होगा 
बल्कि मार्शल आर्ट सिखाना होगा! 
  
रामराज्य लाना है तो रावण को 
मतदान कर राजा नहीं बनाना होगा
भरत पर भरोसा ना करना वो 
माँ पिता का भक्त नहीं खड़ाऊँ पूजक होगा
लक्ष्मण का लक्षण ना बिगड़े 
अनुशासन में रहे ये पिता को सोचना होगा
शत्रुघ्न को रामराज्य के शत्रुओं का 
संहार करने में शुरू से लगाना होगा 
  
पति पत्नी पहले पुत्र को जनकर 
पहली बार श्रद्धेय माता पिता बनते 
पहले पुत्र को जनने में माँ पिता वासना में कम 
सात्विक भाव में अधिक होते
रामराज्य लाना है तो दशरथ विश्रवा सा 
विलासी पिता नहीं होना होगा
रामराज्य के आकांक्षी सभी अभिभावकों को 
कठोर पितृधर्म निभाना ही होगा! 
  
किसी पिता को माँ सा सीमित सोच का 
स्वार्थी स्त्रैण नहीं होना होगा 
वर्ना राम को रावण की खोज में 
बहुत समय तक वन गमन करना होगा 
रामराज्य लाना है तो जनता को वैसे 
स्कूल कॉलेज बंद कराना होगा 
जहाँ भारी मात्रा में रावण व शूर्पनखा 
बनाने का इंतज़ाम किया जाता! 
 
हर युग में रामराज्य लाने में 
रावण ही बाधा होता 
रावण अकेला नहीं होता रावण को 
सवा लाख नाती सवा लाख पोता 
रावण को मारीच सा वेष बदलने वाला 
कपटी मामा भी होता 
रावण को शंबूक सा रट्टू किताबी कीड़ा 
क्षुद्र पाखंडी भाँजा भी होता 
रावण को कभी जाहिल ना समझना 
रावण पीएचडी उपाधिधारी भी होता! 
 
जबसे सोने की लंका जली तबसे 
रावण बनकर बाहुबली
रहने लगे देश के हर शहर हर महल्ला 
हर स्कूल कॉलेज गली-गली 
अब रावण हर हर बम बम नहीं करता, 
बम में बारूद आरडीएक्स भरता
रामराज्य लाना है तो किसी को 
रावण बनने का अवसर नहीं देना होगा! 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
नज़्म
ऐतिहासिक
हास्य-व्यंग्य कविता
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में