ग़मनशीं था मयकशी तक आ गया 

01-03-2025

ग़मनशीं था मयकशी तक आ गया 

डॉ. शोभा श्रीवास्तव (अंक: 272, मार्च प्रथम, 2025 में प्रकाशित)

 

2122    2122    212
 
ग़मनशीं था मयकशी तक आ गया 
होश में था बेख़ुदी तक आ गया
 
तीरगी कब तक भला तू रोकती 
देख ले मैं रोशनी तक आ गया
 
क्या हुआ गुमराह था कुछ देर वो
आदमी था आदमी तक आ गया
 
चीरकर पर्वत को राहों के सभी 
एक जुगनू चांदनी तक आ गया
 
ओस की मानिंद फिसला फूल से 
एक लम्हा इक सदी तक आ गया
 
चल रहे हैं तीर यूं ज़ज़्बात पर 
प्यार मानो ख़ुदकुशी तक आ गया
 
छत को तेरे देखता है बारहा 
इक बेचारा बेकली तक आ गया
 
 तिश्नगी नदियों पे अब क़ाबिज़ हुई 
और सागर तिश्नगी तक आ गया
 
छीन कर हक दूसरों का जो बढ़ा
एक दिन वह कमतरी तक आ गया
 
बाग़ में आई न वो कल शाम तो 
आज मैं उसकी गली तक आ गया
 
झेलकर दुनिया के सब जुल्मो सितम
 मैं तो ' शोभा' ख़ीरगी तक आ गया

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

सजल
ग़ज़ल
गीत-नवगीत
कविता
किशोर साहित्य कविता
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
नज़्म
कविता-मुक्तक
दोहे
सामाजिक आलेख
रचना समीक्षा
साहित्यिक आलेख
बाल साहित्य कविता
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में