आठ मुक्तक पच्चीस मुहावरे

01-04-2021

आठ मुक्तक पच्चीस मुहावरे

सुषमा दीक्षित शुक्ला  (अंक: 178, अप्रैल प्रथम, 2021 में प्रकाशित)

रिश्वतखोरों की मत पूछो,
ऐसी बाट लगाते हैं।
मोटी मोटी रक़में लेकर,
सिर अपना खुजलाते हैं।
नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली,
हज को जाती हो जैसे।
आदर्शों का भाषण देकर,
बकरा ख़ूब बनाते हैं।
 
जिसकी लाठी भैंस उसी की,
बचपन से सुन आयी।
बाहुबली से डरते हैं सब,
कहते भाई  भाई।
काला आखर भैंस बराबर,
भले न वो कुछ जाने।
फिर भी उसके सारे अवगुण,
की होवे भरपाई।
 
धोबी के कुत्ते बन जाते,
अपनों को छलने वाले।
तिरस्कार का दण्ड भुगतते,
ख़ुद को ही ठगने वाले।
अपनों के जो हो न सके हैं,
वो क्या जाने वफ़ा यहाँ।
अंधकार में घिरते इक दिन,
वो ढोंगी मन के काले।
 
दिल वालों की दिल्ली है,
ये बात सुनी थी यारो।
रहते यहाँ बिलों में देखो,
काले  नाग   हज़ारों।
आस्तीन के साँप हैं ये सब,
कब डस लें ये ख़बर नहीं।
स्वयं बचो अरु देश बचाओ,
ढूँढ़ ढूँढ़ कर मारो।
 
रँगे सियारों से तुम बचना,
कभी न आना चालों में।
भोले भाले फँस जाते हैं,
इनके बीने जालों में।
ठग विद्या है इनका धंधा,
चिकनी चुपड़ी बातें हैं।
कौन पीठ में छुरा भोंक दे,
छुपे हुए ये खालों में।
 
मेरी एक पड़ोसन मित्रो,
पति को अपने बहुत सताती।
घर का सारा काम कराकर,
पैसे भी उससे कमवाती।
पति कोल्हू का बैल बना है,
क़िस्मत को है कोस रहा।
पत्नी का आदेश न माने,
बस समझो फिर शामत आती।
 
स्वतन्त्रता के दीवानों ने,
इंक़लाब जब बोला था।
नवल क्रांति की ज्वाला में,
तब हर सेनानी शोला था।
नाकों चने चबाया अरिदल,
त्राहि त्राहि था बोल उठा।
नाक रगड़ कर भागे सारे,
जिस जिस ने विष घोला था।
 
वो मेरी आँखों के तारे,
जो मेरे दो लाल दुलारे।
रात दिवस मैं नज़र उतारूँ,
मुझको लगते इतने प्यारे।
एक हूर है ज़न्नत की तो,
दूजा भी है चाँद का टुकड़ा।
माँ हूँ ख़्याल रखूँ मैं उनका,
बन जाते वो भी रखवारे।

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
किशोर साहित्य कविता
स्मृति लेख
लघुकथा
हास्य-व्यंग्य कविता
दोहे
कविता-मुक्तक
गीत-नवगीत
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में