मेघ मल्हार 

01-10-2023

मेघ मल्हार 

अनिमा दास (अंक: 238, अक्टूबर प्रथम, 2023 में प्रकाशित)


(सॉनेट) 
 
तुम गा रहे हो मेघ मल्हार प्रियवर, वन पक्षी रो रहे 
उमड़ रही है उन्मादी नदी प्रियवर, दृग हैं सो रहे 
झर रहा है अंतरिक्षीय मधु प्रियवर, मन मोर अधीर
वृक्षवासी हैं आल्हादित प्रियवर, इरा बहाये नीर। 
 
हृद-शाखाएँ पल्लवित प्रियवर, शब्दों में अलंकार 
तीर्ण देह पर शांत स्पर्श प्रियवर, अधरों में झंकार 
वक्ष अंबर का भीगता प्रियवर, आशाओं में है गमक 
तिमिर की परछाईंं गहन प्रियवर, मुख पर है दमक। 
 
पर्वत से बहता हिमजल प्रियवर, सुरों में भी नीरद 
पक्षियों के संगीत मधुर प्रियवर, पंखों में भरें जलद 
दामिनी संग नृत्यरत प्रियवर, इरा है लगी प्रेम सरि 
अम्लीय अश्रु मधुर प्रियवर, मदिर सा लगे मेघावरि 
 
सघन गहन व्यथाओं में मलयज है सुगंधित प्रियवर 
थिरकती वारि बूँद में पुष्परज है सुरभित प्रियवर। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें