बेइंतहा प्यार
आलोक कौशिकडीएम ऑफ़िस से आने के बाद से ही दीपमाला बहुत दुखी और परेशान थी। वह आईने के सामने खड़ी होकर अपने ढलते यौवन और मुरझाए सौंदर्य को देखकर बेतहाशा रोए जा रही थी। ऐसा लग रहा था मानो वह आईने से कह रही हो कि तुम भी लोगों की तरह झूठे हो। आज तक मुझे सिर्फ़ झूठ दिखाते रहे। कभी सच देखने ही नहीं दिया।
उसने रात का खाना भी नहीं खाया। पति और दोनों बच्चे खाना खाकर सो चुके थे। लेकिन उसे नींद नहीं आ रही थी।
दीपमाला की शादी को पंद्रह वर्ष हो चुके थे। पति और दोनों बच्चों के साथ उसका जीवन अब तक सुखपूर्वक ही व्यतीत हुआ था।
जी भर कर रो लेने के बाद वह अपने बेडरूम में आई। वहाँ उसने सोए हुए अपने पति को ग़ौर से देखा। आज पहली बार उसका पति उसे काला-कलूटा, बेडौल शरीर वाला कुरूप व्यक्ति दिख रहा था। दीपमाला की बेचैनी बढ़ती जा रही थी।
रुद्रव्रत। यही नाम था उसका। जिसे आज डीएम चेंबर में देखने के बाद से दीपमाला को सिर्फ़ सच दिख रहा था।
एक समय था, जब दीपमाला रूद्रव्रत से बेइंतहा मोहब्बत करती थी। रूद्रव्रत से उसकी पहली मुलाक़ात आज से क़रीब अठारह साल पहले कॉलेज में हुई थी। मुस्कुराता चेहरा, गठीला बदन, शरारती आँखें। कॉलेज की लड़कियाँ उसे सलमान कहकर पुकारती थीं। उसे देखते ही दीपमाला को पहली नज़र वाला प्यार हो गया था। यूँ तो कॉलेज की सभी लड़कियाँ अपने सलमान की ऐश्वर्या बनने की कोशिश में लगी हुई थीं। लेकिन दीपमाला बाज़ी मार गई।
तीन वर्षों तक दीपमाला रूद्रव्रत के प्रेम की डोर से बँधी रही। लेकिन, कॉलेज की पढ़ाई ख़त्म होते-होते उसे लगने लगा कि सुखी जीवन सिर्फ़ प्रेम से प्राप्त नहीं किया जा सकता। इसलिए उसने ख़ुद को इस प्रेम रूपी डोर से मुक्त कर लिया और एक धनाढ्य व्यवसायी से शादी कर ली।
वो कहते हैं ना, कि अतीत से कभी पीछा नहीं छूटता। आज दीपमाला के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था।
अगले हफ्ते दीपमाला के बड़े बेटे का जन्मदिन था और वह इस बार ज़िले की नई ज़िलाधिकारी को भी इस ख़ुशी के मौक़े पर आमंत्रित करना चाहती थी। इसलिए उन्हें आमंत्रित करने के लिए वह अपने पति के संग डीएम ऑफ़िस गई थी। कुछ देर अतिथि कक्ष में इंतज़ार करने के बाद जब वह डीएम के चेंबर में दाख़िल हुई तो अप्सरा जैसी ख़ूबसूरत ज़िलाधिकारी को देखकर वह दंग रह गई। उसने सोचा- शायद 'ब्यूटी विद ब्रेन' इसी को कहते हैं। अपने आने का कारण दीपमाला डीएम साहिबा से बता ही रही थी तभी एक शख़्स क़रीब पाँच साल के एक बच्चे के साथ बिना इज़ाज़त डीएम के चेंबर में दाख़िल हो गया। जिसे देखते ही डीएम साहिबा अपनी कुर्सी से उठकर खड़ी हो गईं और उस बच्चे को अपनी गोद में उठा लिया।
वह व्यक्ति डीएम साहिबा से मुख़ातिब होते हुए बोला - "आर्जव आज बहुत ज़िद करने लगा कि मम्मी से मिलना है। इसलिए लाना पड़ा।"
"कोई बात नहीं," डीएम साहिबा ने कहा।
"चलो आर्जव, अब चलते हैं। मम्मी को अपना काम करने दो।"
"ओके पापा, लेट्स गो। बाय मम्मी," यह कहते हुए वह बच्चा उस व्यक्ति के साथ वहाँ से चला गया।
उस शख़्स को, बच्चे को और डीएम साहिबा को देखने के बाद दीपमाला के दिमाग़ ने काम करना लगभग बंद कर दिया था।
वह शख़्स और कोई नहीं बल्कि रुद्रव्रत था। आज भी वह हू-ब-हू वैसा ही दिखता था, जैसा दीपमाला ने उसे कॉलेज में पहली बार देखा था।
ख़ुद को सँभालते हुए दीपमाला ने डीएम साहिबा की ओर मुख़ातिब होते हुए कहा - "अगर आप बुरा ना मानें तो एक बात पूछूँ?"
"हाँ, पूछिए," डीएम साहिबा ने कहा।
"आपके पति क्या करते हैं?"
"मुझसे बेइंतहा प्यार," डीएम साहिबा ने मुस्कुराते हुए कहा।
0 टिप्पणियाँ
कृपया टिप्पणी दें
लेखक की अन्य कृतियाँ
- कविता
-
- अच्छा इंसान
- आलिंगन (आलोक कौशिक)
- उन्हें भी दिखाओ
- एक दिन मंज़िल मिल जाएगी
- कवि हो तुम
- कारगिल विजय
- किसान की व्यथा
- कुछ ऐसा करो इस नूतन वर्ष
- क्योंकि मैं सत्य हूँ
- गणतंत्र
- जय श्री राम
- जीवन (आलोक कौशिक)
- तीन लोग
- नन्हे राजकुमार
- निर्धन
- पलायन का जन्म
- पिता के अश्रु
- प्रकृति
- प्रेम
- प्रेम दिवस
- प्रेम परिधि
- बहन
- बारिश (आलोक कौशिक)
- भारत में
- मेरे जाने के बाद
- युवा
- श्री कृष्ण
- सरस्वती वंदना
- सावन (आलोक कौशिक)
- साहित्य के संकट
- हनुमान स्तुति
- हे हंसवाहिनी माँ
- हास्य-व्यंग्य कविता
- बाल साहित्य कविता
- लघुकथा
- कहानी
- गीत-नवगीत
- विडियो
-
- ऑडियो
-