पत्थर के भगवान

01-07-2022

पत्थर के भगवान

आशीष कुमार (अंक: 208, जुलाई प्रथम, 2022 में प्रकाशित)

हथौड़े-छेनी की संगत से
गढ़ रहा था भाग्य और सम्मान
तराश रहा था मूर्तिकार
पत्थर से पत्थर के भगवान
 
पहले राह का रोड़ा था
ठोकर थी उसकी पहचान
सौभाग्य बन गया मूर्तिकार से मिलना
बन बैठा भगवान
 
मगर काफ़ी दर्द सहा उसने
हर चीख भर रही थी उसमें जान
परमात्मा का प्रवेश हो रहा था उसमें
निखर रहे थे पत्थर के भगवान
 
रूप दिया रंग दिया
लगा दी पूरी जान
पत्थर समझ कर लाया था
बना दिया उसे भगवान
 
रचने वाले को रच रहा था
धरती का ही एक इंसान
तरह-तरह के सजे पड़े थे
पत्थर के भगवान
 
ख़रीदार खड़े थे सामने
मूल्य पर मचा घमासान
चंद पैसों में दे रहा था
सब कुछ देने वाले पत्थर के भगवान
 
ख़रीद रहा था कौड़ियों सा
पत्थर दिल इंसान
बिक रहे थे कौड़ियों के भाव
पत्थर के भगवान

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
किशोर साहित्य कविता
हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
नज़्म
कहानी
हास्य-व्यंग्य कविता
गीत-नवगीत
कविता - हाइकु
बाल साहित्य कविता
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में