देश भक्ति की परिभाषा

15-08-2025

देश भक्ति की परिभाषा

शैली (अंक: 282, अगस्त प्रथम, 2025 में प्रकाशित)

 

देश भक्ति है कहाँ देश में? मुझे बताओ तुम भाई! 
काट दिया जब टुकड़े-टुकड़े, बात समझ में ना आई। 
 
बना दिया था पाक अगर, कश्मीर रहा आज़ाद वहीं
“टू नेशन थ्योरी” में तीजा, देश बनाया क्यों भाई? 
 
बँटवारा हिंदू-मुस्लिम का हुआ, बाँटा था देश तभी
बुला लिए थे मुस्लिम वापस, बता समझ मैं ना पाई! 
 
एक ज़मीन, एक संसाधन, दो देशों में बाँट गए . . . 
पचपन-कोटि रुपए गाँधी ने, दिए पाक को क्यों भाई? 
 
ब्रिटिश-राज से मुक्ति; ध्येय था, स्वतंत्रता आंदोलन का, 
कॉमनवेल्थ, समूह का हिस्सा, देश बना क्यों फिर भाई? 
 
अस्सी भाग पाक को देकर, बीस भाग भारत पाया
सिंधु नदी का ये बँटवारा, समझाओ मुझको भाई! 
 
सन बासठ में अक्साईचिन पर, चीनी कब्ज़ा हुआ अगर . . . 
“तिनका उगता नहीं,” जवाहर का ये तर्क, समझ पाई! 
 
सन बासठ की हार चीन से, इकहत्तर में पाकिस्तान! 
शिमला समझौते का क्या था, अर्थ, बताओ तुम भाई! 
 
धर्म-जाति पर बँटा, ‘धर्म-निरपेक्ष’ जुड़ा कैसे भाई? 
संविधान का यह संशोधन, अब तक नहीं समझ पाई . . . 
 
तिरान्नवे सहस्त्र सैनिकों, का था आत्मसमर्पण जब! 
विलय नहीं भारत में, बांग्लादेश बनाया क्यों भाई?? 
 
दस वर्षों का आरक्षण था, आज तलक चलता आया! 
संविधान के साथ चला जो खेल, समझ मैं ना पाई . . . 
 
उरी-कांड के बाद, सर्जिकल स्ट्राइक के गौरव पर
संसद में उठते संदेहों, को समझाओ सब भाई!!! 
 
सेना की सिंदूरी जय पर, प्रश्न गूँजते संसद में . . . 
सेना का अपमान, देश का हितचिंतन है, क्या भाई? 
 
पाक-चीन सम आरोपों में; सेना, देश, प्रशासन है . . . 
पुरखों के दलगत प्रतिनिधि की, ‘देशभक्ति’ कैसी भाई? 
 
इंग्लिश बोलें, ब्रिटिश बने सब देश लूटकर खाते हैं, 
आज तलक मन से ग़ुलाम, उनके विचार ना पढ़ पाई। 
 
महाराष्ट्र में, शिवसेना के, झापड़ पड़ते हिन्दी पर . . . 
मलयालम, तेलुगू, कन्नड़, इंग्लिश विवाद क्यों है भाई? 
 
पाकी, बांग्लादेशी, रोहिंग्या से विपुल, विदेशी-जन
मताधिकार का दावा भारत में, कैसे करते भाई? 
 
हिन्दी, हिंदू, धर्म-सनातन,  है अब तक परिवादों में, 
सैंतालीस के हिन्दू-मुस्लिम, वध, विस्थापन क्यों भाई? 
 
देश भक्ति की परिभाषा, सब मुझे बताओ ओ भाई! 

 
*Commonwealth of Nations, is a voluntary association of 56 independent and equal countries, mostly former British colonies

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
हास्य-व्यंग्य कविता
किशोर साहित्य कविता
कविता-ताँका
सिनेमा चर्चा
सामाजिक आलेख
ललित निबन्ध
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में