चलो बुलावा आया है . . . दिल्ली ने बुलाया है! 

01-04-2026

चलो बुलावा आया है . . . दिल्ली ने बुलाया है! 

डॉ. मुकेश गर्ग ‘असीमित’ (अंक: 294, अप्रैल प्रथम, 2026 में प्रकाशित)

नेता हो, लेखक हो या कलाकार—सबकी निगाहें आख़िरकार दिल्ली पर टिकती हैं। जैसे गली का आशिक़ बस एक इशारे का इंतज़ार करता है, वैसे ही ये सब अपने-अपने बोरिया-बिस्तर बाँधे तैयार बैठे रहते हैं। कोई रैली के बहाने, कोई धरने के नाम पर, कोई टिकट के लिए, कोई पुरस्कार के लिए—मंज़िल एक ही: “चलो दिल्ली।” दिल्ली केवल शहर नहीं, राष्ट्रीय वॉशिंग मशीन है—जहाँ दाग़ भी धुलते हैं और चरित्र भी चमकते हैं। 

हमारे नेताओं की हालत देखिए—एक टाँग क्षेत्र में, दूसरी दिल्ली में। कुछ तो ऐसे समर्पित कि बुलावा आए या न आए, हाज़िरी लगा आते हैं—कहीं बुलाने वाले भूल न गए हों! बुलावे का असर भी निराला—कहीं कुर्सी छीन जाने के डर से नींद नहीं, कहीं कुर्सी मिलने वाले को ख़ुशी से नींद नहीं। सबकी इंद्रियाँ दिल्ली की दिशा में तनी रहती हैं। दिल्ली जादूगर है—नेताओं की आँख, नाक, कान सब नियंत्रित। 

दिल्ली के भाग में यमुना, लेकिन काम गंगा का ही कर रही है । यमुना बेचारी कितनों के पाप ढो-ढोकर प्रदूषित हो रही है। दिल्ली उम्मीदों का बादल है—बरसे तो छप्पर फाड़कर, बादल छँटे तो जनता को चाँद दिखे। जनता घूँघट ओढ़े व्रतधारी सी बैठी है—कि कब बादल हटें और विकास-चंद्रमा दर्शन दे। पर ये दिल्ली के बादल हैं—किस करवट बैठें, कौन जाने! 

नेता की दौड़ दिल्ली तक। दिल्ली के बाहर का मौसम भी उधार का—दिल्ली में सर्दी तो यहाँ ठिठुरन, वहाँ गर्मी तो यहाँ लू। दिल्ली को ज़ुकाम तो यहाँ बुख़ार। उसकी छींक पर सेंसेक्स तक काँप जाए। दिल्ली परमात्मा है—वहीं से आत्माएँ निकलती हैं और पंचतत्व रूपी नेता-शरीर धारण करती हैं। चुनाव बाद शरीर दिल्ली में विलीन, आत्मा पाँच साल वहीं क़ैद। 

चुनाव आते ही आत्माओं की रिहाई शुरू। दल-बदल का महाकुंभ सजता है। बिकी आत्माएँ नए चोले पहनती हैं, मंत्रालय-आयोग की कुर्सियों के आसपास भटकती हैं। पीछे रह जाती है जनता—रोते परिजनों सी विलाप करती हुई। राजनीति जीवन-चक्र है—जो आया है, जाएगा; नया आएगा और सपने उठाकर दिल्ली भाग जाएगा। 

कुछ लोग दावा करते हैं—“दिल्ली हमारे बाप की!” पर अंत में दिल्ली सबको समझा देती है—वो सबकी बाप है। यह राजनैतिक रंगमंच है, कठपुतलियाँ मंच पर, डोर दिल्ली के हाथ। कब किसकी डोर खींची जाए, कौन किसकी टाँग खींचे, कौन पटखनी खाए—सब तय वहीं होता है। पर्दा गिरता नहीं, बस चेहरे बदलते हैं। 

नेता के पग पालने में ही पहचाने जाएँ—पूत के पगों की कुलबुलाहट दिल्ली दिशा में हो तो समझिए तैयारी शुरू। दिल्ली-यात्रा फटे कुरते पर भी पैवंद लगा देती है। ‘दिल्ली-रिटर्न’ टैग लगते ही बाज़ार भाव बढ़ जाता है। माल शोरूम में सजा दिया जाता है। पूँछ भी लग जाती है—मक्खियाँ भगाने के लिए। दिल्ली की धौंस से वे काम भी हो जाते हैं जो सीधी उँगली से नहीं होते। 

दिल्ली-रिटर्न दो तरह के—एक जिन्हें सचमुच बुलावा आया; दूसरे जो ख़ुद पहुँच गए पर प्रचार ऐसा कि विशेष आमंत्रण था। चुनावी मौसम में दिल्ली इन दिल्लीजीवियों से ठसाठस भर जाती है। जुगाड़, ख़ेमा, साम-दाम-दंड-भेद—बस टिकट मिल जाए, चाहे ब्लैक में क्यों न हो! 

अब मिलिए चंदूमल जी से—दिल्ली होकर लौटे हैं, पर मिजाज़ उखड़ा है। शायद भाग का छींका उनके आँगन में नहीं टूटा। एक धुर-विरोधी, जो कल तक उनकी कार की पिछली सीट पर बैठता था, अब ख़ुद की गाड़ी में दिल्ली जा पहुँचा। कब निकल गया, ख़बर तक न लगी। 

चंदूमल अपनी कुर्सी को टकटकी लगाए हैं—कुर्सी हिलती-सी लग रही है। आशंकाएँ मन में कुलबुला रहीं—“कहीं इस्तीफ़ा तो नहीं माँग लेंगे? मुझे ही बलि का बकरा क्यों?” दिल्ली से बुलावा जितना मीठा, उतना ही भयावह भी। 
वाह रे दिल्ली! और धन्य तुम्हारे दिल्ली-रिटर्न भक्त! 
खेल जारी है—डोरें खिंच रही हैं—और जनता अब भी बादल छँटने का इंतज़ार कर रही है। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

हास्य-व्यंग्य आलेख-कहानी
लघुकथा
प्रहसन
कहानी
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में