सत्य हुआ सत्ता का अनुचर, हर गंगे

01-09-2023

सत्य हुआ सत्ता का अनुचर, हर गंगे

प्रो. ऋषभदेव शर्मा (अंक: 236, सितम्बर प्रथम, 2023 में प्रकाशित)

 

(तेवरी)
 
सत्य हुआ सत्ता का अनुचर, हर गंगे
न्याय-व्याय की बातें मत कर, हर गंगे
 
नेत्र तीसरा बंद पड़ा है, वैसे तो
कंकर-कंकर में है शंकर, हर गंगे
 
राजधानियाँ भंग चढ़ाकर सोई हैं
खुले घूमते गुंडे-तस्कर, हर गंगे
 
राहु-केतु का ग्रास बन रही है जनता
पुण्य कमा लो वोट डालकर, हर गंगे
 
चार सीट दिल्ली की जिसकी मुट्ठी में
बच जाएगा सात ख़ून कर, हर गंगे
 
अब सड़कों पर मार रहे वे, रौंद रहे 
कब तक देखें पत्थर बनकर, हर गंगे
 
ढहते पुल, भिड़तीं रेलें, चलती गोली
जाँच हो रही, चिंता मत कर, हर गंगे
 
लोकतंत्र की छाती पर से बूट पहन
गुज़र रहा राजा का लश्कर, हर गंगे
 
ख़ुद लेने प्रतिकार देवियो! अब उतरो
ले जाए ना असुर उठाकर, हर गंगे

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

पुस्तक समीक्षा
कविता
ललित निबन्ध
दोहे
सांस्कृतिक आलेख
स्मृति लेख
साहित्यिक आलेख
पुस्तक चर्चा
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में