नीदरलैंड नदियों का देश

15-10-2024

नीदरलैंड नदियों का देश

डॉ. ऋतु शर्मा (अंक: 263, अक्टूबर द्वितीय, 2024 में प्रकाशित)

 

नीदरलैंड जिसे हॉलैंड के नाम से भी जाना जाता है; नीदरलैंड यूरोपीय साम्राज्य का प्रमुख देश है। यह उत्तरी-पूर्वी यूरोप में स्थित है। इसकी उत्तरी तथा पश्चिमी सीमा पर उत्तरीय समुद्र स्थित है। इसके दक्षिण में बेल्जियम एवं पूर्व में जर्मनी देश है। नीदरलैंड का डच भाषा में शाब्दिक अर्थ है—नेदर (नीचा) + लैंड (ज़मीन, सतह) =नीदरलैंड। नीदरलैंड समुद्र तल से लगभग डेढ़ मीटर नीचे है। 

नीदरलैंड में बारह प्रान्त है। नीदरलैंड को नदियों और पवन चक्कियों का देश कहा जाता है। नीदरलैंड मेंं 135 छोटी और 6 बड़ी नदियाँ हैं। जिनमें लेक नदी, वॉल नदी, मेरवेदे नदी, मास नदी, आइस्सल नदी और लिंगे नदी हैं। यह 108 किलोमीटर तक फैली सबसे लंबी नदी है| एमे नदी सबसे छोटी नदी है। यह सिर्फ़ 18 किलोमीटर लंबी है। वॉल नदी सबसे गहरी नदी है। इसमें पानी के बड़े जहाज़ भी चलते हैं। मास नदी के बारे में कहा जाता है कि यह सबसे पुरानी नदी है; लगभग 320-340 हज़ार पुरानी नदी है। इस देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा समुद्र तल से नीचे होने के कारण यहाँ के निवासियों की बाढ़ से सुरक्षा के लिए नदियों और समुद्र के किनारे बड़े-बड़े बाँध और पुल बने हैं। बेल्जियम और जर्मनी की तीन बड़ी नदियाँ भी नीदरलैंड में आकर मिलती हैं। इन्हीं तीन बड़ी नदियों के कारण ही नीदरलैंड में पानी की कमी नहीं रहती। यह नदियाँ केवल यहाँ केवल पीने का पानी ही उपलब्ध नहीं करातीं बल्कि यह वाणिज्य के विकास व आर्थिक विकास में भी सहायक हैं। नीदरलैंड में लगी पवन चक्कियों से यह किया जाता है। आजकल यहाँ सोलर ऊर्जा का भी भरपूर उत्पादन किया जा रहा है। इसी कारण नीदरलैंड में चौबीस घंटे बिजली की आपूर्ति रहती है। 

राईन नदी जो स्विट्ज़रलैंड से बहती हुई जर्मनी होती हुई नीदरलैंड में बहती है, यूरोप की सबसे बड़ी नदी है। यह 150 मीटर चौड़ी, 23 मीटर गहरी और 1233 किलोमीटर लंबी है। इस नदी मेंं तीनों देशों के बड़े-बड़े जहाज़ यहाँ से वहाँ जाते हैं। 

मास नदी फ़्रांस से निकल कर बेल्जियम होते हुए नीदरलैंड पहुँचती है। यह 950 किलोमीटर लंबी है। मास नदी में अक्सर बरसात के मौसम में पानी का स्तर बहुत ऊँचा होने के कारण बेल्जियम और नीदरलैंड के कुछ हिस्सों में यह बाढ़ का कारण बन जाती है। 1993-1995 तक इसके कारण नीदरलैंड को कुछ प्रान्तों में बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। 

स्खलदे नदी नीदरलैंड और बेल्जियम के लिए एक महत्त्वपूर्ण नदी के रूप में कार्य करती है। यह भी फ़्रांस से शुरू होकर बेल्जियम होती हुई नीदरलैंड में मिलती है। यह समुद्री यातायात की दृष्टि से भी बहुत महत्त्वपूर्ण नदी है। यह फ़्रांस, बेल्जियम और नीदरलैंड के बन्दरगाह से होती हुई उत्तरी समुद्र में गिरती है। नीदरलैंड का रौतरदाम बंदरगाह यूरोप का सबसे बड़ा बंदरगाह है। पूरे विश्व के मालवाहक जहाज़ों से लेकर यात्रा के जहाँ यहाँ आते हैं। इसलिए भी नीदरलैंड व्यवसाय की दृष्टि से विश्व का महत्त्वपूर्ण देश है। 

नीदरलैंड के घरों में पिया जाने वाला पीने का पानी पूरे यूरोप के पीने वाले पानी में से सबसे अच्छा व साफ़ पानी है। नीदरलैंड की नदियों में पाए जाने वाले जलीय जीव यहाँ के भोजन का प्रमुख हिस्सा हैं इसलिए यहाँ समुद्र, नदियों, कनालो, और तालाबों की साफ़-सफ़ाई का बहुत ध्यान रखा जाता है। नदियों में तालाबों या समुद्र में कूड़ा फेंकने पर जुर्माना है। यहाँ के लोगों के लिए 1950 में आई बाढ़ के बाद तैरना सीखना अनिवार्य है। नदी, तालाबों के पानी की समय समय पर जाँच कि जाती है यदि पानी में किसी प्रकार का बैक्टीरिया या विषाणु पाए जाते हैं तो संचार के साधनों का प्रयोग करके उसकी जानकारी आम जनता को दी जाती है। पानी में पैदा होने वाले अनावश्यक पेड़-पौधों को समय समय पर हटाया जाता है। नदी में नाव चलाने के लिए लाइसेंस की आवश्यकता होती है। आप बिना अनुमति किसी नदी, तालाब या कनालों में तैराकी नहीं कर सकते। हर नदी पर उनकी गहराई का बोर्ड हर एक किलोमीटर पर लगा होता है। घरों से निकलने वाले मल या गन्दे पानी को अलग सीवर के द्वारा अलग किया जाता है। वह नदी, कनाल या तालाबों में नहीं मिलते इसलिए यहाँ के नदी, नालों कनालों व तालाबों से कभी बदबू नहीं आती। 

नीदरलैंड का एक शहर जिसे नीदरलैंड का वेनिस कहा जाता है। गीथहूर्न (Giethoorn) क़्स्बा पानी में ही बसा है। वहाँ एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए कनालों में से नाव का प्रयोग करके जाया जाता है। यह नीदरलैंड और नीदरलैंड आने वाले लोगों के लिए बहुत ही प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है जिसे हर रोज़ साफ़ किया जाता है। आप सप्ताहांत या कुछ दिनों के लिए यहाँ बने घरों को किराए पर ले सकते हैं या अपने विवाह के लिए भी यह जगह बुक कर सकते हैं। यहाँ कनीदरलैंड में तैरता हुआ शहर भी है। पानी के ऊपर तैरते हुए घर हैं। जिनमें पूरा परिवार रहता हैं। यहाँ लोग बोट हाउस में भी रहना बहुत पसंद करते हैं। अच्छे मौसम में लोग यहाँ पानी के रास्ते सफ़र करना पसंद करते हैं। दुनियाँ का सबसे बड़ा मैरिन फ़ेस्टिवल भी नीदरलैंड के देल्फ़ज़ाइल शहर में जुलाई के महीने में लगता हैं। जहाँ पूरे विश्व से छोटी नाव से लेकर बड़े-बड़े मालवाहक जहाज़ और क्रूस जहाज़ आते हैं। 

यहाँ की खेती में मीठे और स्वच्छ पानी का उपयोग किया जाता है। हर खेत में सरकार द्वारा पानी की लाइन दी जाती है। खेतों के पास बहने वाली नदी या कनानों से अनुमति लिए बिना उस पानी का उपयोग किये जाने पर जुर्माना देना होता है। हर किसान अपने खेतों या फ़ार्महाउस में उपयोग होने वाले पानी का सरकार को भुगतान करता है। इसी कारण यहाँ के दूध, दही और सब्ज़ियों के साथ साथ मांसाहारी भोजन की गुणवत्ता बहुत ऊपर है। 

नीदरलैंड्स में हर प्रान्त और हर शहर में पानी की सप्लाई, गुणवत्ता, कनालों और वहाँ से बहने वाली नदियों की साफ़ सफ़ाई के लिए “वाटर बोर्ड” यानी जल समिति बनी हुई हैं जो इन सब चीज़ों की देखभाल करती है और यह निश्चित करती है कि पानी साफ़ बना रहे। यह समितियाँ इस बात का भी ध्यान रखती हैं कि नदियों, कनालों पर बने पुल व बाँध बाढ़ आने की सम्भावना में किस सीमा तक सुरक्षित हैं। हर एक कनाल या नहर में जगह-जगह पर जाल लगाए जाते हैं ताकि आसपास से उड़कर आने वाला कूड़ा या कोई जंगली जानवर यदि ग़लती से उसमें गिर जाए या गिर कर मर जाए तो उससे वहाँ का पानी दूषित न हो। हर दिन इन कनालों पर लगे जाल की सफ़ाई की जाती है। आजकल समुद्र में बहुत सारे पर्यटन जहाज़, मछलियाँ पकड़ने वाले जहाज़ या मालवाहक जहाजों के बढ़ जाने से समुद्र में बहुत कूड़ा इकट्ठा होने लगा है जो हमारे पर्यावरण के लिए ख़तरा है। समुद्र जीवों की कुछ विशेष जाति के जीव समाप्त हो रहे हैं। इसलिए नीदरलैंड सरकार ने इसके लिए कुछ नियम बनाए हैं। बहुत सारे स्वयंसेवक इन समस्याओं के निवारण के लिए अपना योगदान दे रहे हैं। नीदरलैंड के समुद्र से नीचे बसे होने के बाद भी यहाँ मकानों में सीलन नहीं है। हर एक प्रान्त के हर एक शहर से होकर कनाल जाती हैं जिनपर छोटे-छोटे पुल बने होते हैं। जो इन शहरों की सुन्दरता में चार चाँद लगाते हैं। 
नीदरलैंड की सरकार पर्यावरण सुरक्षा का पूरा ध्यान रखती है। यहाँ पर हर घर को चार कूड़े के साठ लीटर के कनटेनर मिलते हैं। जिसमें एक घर के कूड़े के लिए, दूसरा हरे कूड़ा जैसे सब्ज़ियों का कूड़ा आँगन में लगे घास, फूल पत्तियों का कूड़ा, तीसरा प्लास्टिक के सामान पेय पदार्थों की बोतलों के लिए व चौथा काग़ज़, सामान की पैकिंग के लिए होता है। म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन की गाड़ी हर सप्ताह आ कर यह कनटेनर ख़ाली करके जाती है। नागरिक इस सुविधा के लिए म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन को सालाना पैसा देते हैं। इन छोटी-छोटी बातों को सरकार ने ध्यान रखा है इसलिए नीदरलैंड की नदियाँ, समुद्र जितने सुंदर है उतने ही साफ़ भी हैं। शीत ऋतु में जब तापमान शून्य से नीचे पाँच चला जाता है तो पानी के ऊपर की सतह पर पाँच से सात सेंटीमीटर की बर्फ़ जम जाती है। तब यहाँ के लोग उस सतह पर स्केटिंग करते हैं। नीदरलैंड के समुद्र, नदियाँ, कनालें व तालाब यहाँ के जीवन का हिस्सा हैं। 

आशा करती हूँ आपको यह जानकारी अच्छी लगी होगी। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

स्मृति लेख
नाटक
सामाजिक आलेख
कार्यक्रम रिपोर्ट
ऐतिहासिक
पुस्तक समीक्षा
कविता
लघुकथा
अनूदित लोक कथा
साहित्यिक आलेख
सांस्कृतिक आलेख
किशोर साहित्य आलेख
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में