लाभ का हिस्सा बड़ा जाता है जिन व्यापारियों तक 

15-09-2023

लाभ का हिस्सा बड़ा जाता है जिन व्यापारियों तक 

अश्विनी कुमार त्रिपाठी (अंक: 237, सितम्बर द्वितीय, 2023 में प्रकाशित)

2122       2122        2122       2122
 
लाभ का हिस्सा बड़ा जाता है जिन व्यापारियों तक 
वो फटकते भी नहीं हैं खेत की उन क्यारियों तक 
 
वृक्ष के देवत्व को स्वीकार करके जो चला था 
वह प्रगति रथ आ चुका है लौह निर्मित आरियों तक
 
वक़्त रहते छोड़ दो कुंठा, घृणा के रास्ते को 
अन्यथा यह ले चलेगा मानसिक बीमारियों तक 
 
हमने उन हाथों में ख़ंजर और तमंचे दे दिए हैं 
जो पहुँचना चाहते थे रंग और पिचकारियों तक
 
जो कि जलकर हर अँधेरे को मिटाना जानती हैं 
उन मशालों को चलो हम ले चलें चिंगारियों तक

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें