क़िस्से वीर सुभाष के . . . 

01-02-2022

क़िस्से वीर सुभाष के . . . 

भावना सक्सैना  (अंक: 198, फरवरी प्रथम, 2022 में प्रकाशित)

आ रहे हैं सामने
पन्ने दबे इतिहास के
नायकों को भूलने के
कटु परिहास के . . . 
लाना अब उनको चाहिए
गुमनामियों से निकाल के
 
सिसकी वतन की सुन
घर-द्वार सब जो छोड़ दे
त्याग दे सुख तन के सारे
क्रांति का रुख़ मोड़ दे
दृढ़ अटल जिसके इरादे
ज्यों प्रचंड ज्वाल के
क़िस्से तो कहने चाहिए
उस भारती के लाल के। 
 
स्वप्न आँखों मेंं था जिसके
देश की आज़ादी का
एक विचार मन मेंं ले
संघर्ष पथ पर जो बढ़ा
बहुरूप धर पहुँचा वतन से
द्वार बर्लिन औ जापान के
क़िस्से तो कहने चाहिए
उस भारती के लाल के। 
 
जय हिंद का नारा दिया
आज़ादी का लहू से मोल किया
सुन पुकार जिसकी
नस-नस में शौर्य फड़क गया
आ गए थे मदद को फिर
देश सब संसार के
क़िस्से तो कहने चाहिए
उस भारती के लाल के। 
 
भू विदेशी पर पहुँच
फौज ऐसी की गठित
सुन दहाड़ जिसकी पल मेंं
कूच गोरे कर गए
हिल गए तने तार सारे
दुश्मनों के जाल के
क़िस्से तो कहने चाहिए
उस भारती के लाल के। 
 
खो गया एक दिन अचानक
किरीट हिन्द के भाल का
क्यों गया, कैसे गया
है रहस्य अब तक बना
लाना ही अब तो चाहिए
गुमनामियों से निकाल के
क़िस्से तो कहने चाहिए
उस भारती के लाल के। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

व्यक्ति चित्र
कविता - क्षणिका
कविता
लघुकथा
गीत-नवगीत
स्मृति लेख
कहानी
सामाजिक आलेख
विडियो
ऑडियो
लेखक की पुस्तकें