बड़ा सताये ठंडी का मौसम

01-02-2023

बड़ा सताये ठंडी का मौसम

हरेन्द्र श्रीवास्तव (अंक: 222, फरवरी प्रथम, 2023 में प्रकाशित)

सुबह-शाम छाया है कुहरा 
दिन छोटे रात हो रही बड़ी 
बड़ा सताये ठंडी का मौसम 
नहीं मिल रही है धूप कड़ी। 
 
सन-सन बह रही शीत लहर 
पाला पड़ गया है सारे गाँव 
बड़ा सताये ठंडी का मौसम 
नहीं सुहाती है पेड़ों की छाँव। 
 
सूने पड़ गये खेत-खलिहान
जाने कहाँ खो गयी चिड़िया
बड़ा सताये ठंडी का मौसम 
नहीं दिखती अब गिलहरियाँ। 
 
थर-थर काँप रहा तन बदन
सारा दिन सोते तान रजाई 
बड़ा सताये ठंडी का मौसम 
कैसे हो अब पढ़ाई-लिखाई। 
 
बाग़-बग़ीचों में जमी है ओस 
मौसम अब नहीं रहा सुहाना 
बड़ा सताये ठंडी का मौसम 
नहीं भाता अब नदी नहाना। 
 
हाथ-पाँव सब पड़ गये हैं सुन्न 
लगने लगी अब ज़ोरों की ठंड 
बड़ा सताये ठंडी का मौसम 
खेल-कूद सारे हो गये हैं बंद। 
 
अंदर भी ठंडी बाहर भी ठंड 
कैसे खेलें कैसे पढ़ें हम सब
क्यूँ आया ये ठंडी का मौसम
बड़ा सताये ठंडी का मौसम। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें