बेटियाँ

01-01-2026

बेटियाँ

आकांक्षा यादव (अंक: 291, जनवरी प्रथम, 2026 में प्रकाशित)

 

अपनी जवानी के दिनों में कुलवंत सिंह ने बेटों को कोई तकलीफ़ नहीं होने दी। उनकी हर फ़रमाइश पूरी की। उनके दो बेटे थे। पड़ोसियों और रिश्तेदारों से बहुत गर्व के साथ कहते कि ज़रूर पिछले जन्म में कुछ अच्छे कर्म किए थे कि ईश्वर ने उन्हें दो-दो बेटे दिए। 

वह बार-बार अपने पड़ोसी राधेश्याम को सुनाते रहते, जिनके पास तीन लड़कियाँ थीं। वक़्त बीतने के साथ कुलवंत सिंह के दोनों बेटे अच्छी नौकरी पाकर विदेश में सेटल हो गए, वहीं राधेश्याम ने तीनों बेटियों की शादी कर मानो गंगा नहा लिया हो। 

इस बीच कुलवंत सिंह की तबियत बिगड़ी तो अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। उनकी पत्नी अकेले अस्पताल में पड़ी रहीं, पर बुढ़ापे में कितना दौड़तीं। कुछ दिन बाद कुलवंत सिंह का हाल-चाल लेने राधेश्याम अस्पताल पहुँचे तो साथ में बेटी भी थी।

“. . . अरे! आपके बेटे नहीं दिख रहे? सब ठीक-ठाक तो है न?” 

“. . . बेटों को संदेश तो भेजा था, पर छुट्टी न मिलने की समस्या बताकर उन्होंने हाथ खड़े कर दिए। अकेले कितनी भाग-दौड़ करूँ?” 

“. . . हम हैं न आंटीजी, आप चिंता मत कीजिए। दवाओं के लाने से लेकर फल व खाना लाने तक का ज़िम्मा मेरा।” यह राधेश्याम की बेटी की आवाज़ थी। 

“मुझे माफ़ कर देना राधेश्याम। बेटियाँ तो बेटों से भी बढ़कर हैं. . .” इतना कहकर बीमार कुलवंत सिंह फफक-फफक कर रो पड़े थे।

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें