नाट्यकथा: कथा सिया राम की का भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण

12 Mar, 2024

नाट्यकथा: कथा सिया राम की का भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण

नाट्यकथा: कथा सिया राम की का भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण

 

दिनांक 06-03-2024 को राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय, नई दिल्ली में मुक्ताकाशीय मंच पर रामायणगाथा कार्यक्रम के अंतर्गत पद्मविभूषण डॉ. सोनल मानसिंह और उनके शिष्यों द्वारा  नाट्यकथा : कथा सिया राम की का भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण किया गया। इसी वर्ष अप्रैल माह में अपने जीवन के संगीतमय अस्सी वसंत पूर्ण करने जा रहीं भरतनाट्यम और ओडिसी नृत्य विधा की अतीव गुणी एवं सिद्धहस्त कलाकार डॉ. सोनल मानसिंह ने अपनी टीम के साथ रामचरितमानस की चौपाइयों के लयबद्ध गायन आधारित नृत्य के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न पक्षों को बड़े ही प्रभावपूर्ण अंदाज़ में प्रस्तुत किया। नाट्यकथा का आरंभ राजा दशरथ द्वारा संतान प्राप्ति हेतु पुत्रेष्टि यज्ञ करने के साथ हुआ और फिर चारों भाइयों के जन्म के समय बधाई गीत, उनके बाल्यकाल का मनोहारी चित्रण, ऋषि विश्वामित्र का राजमहल में आगमन और अपने आश्रम में विश्वकल्याण हेतु यज्ञादि आयोजनों के निर्विघ्न-निष्कंटक पूर्णाहुति के लिए दुष्ट राक्षसों के समूल नाश के निमित्त राजा दशरथ से राम एवं लक्ष्मण को साथ भेजने का अनुरोध, दोनों भाइयों द्वारा वन में आततायी राक्षसों का अंत करना और राजा जनक के निमंत्रण पर ऋषि विश्वामित्र का राम-लक्ष्मण सहित सीता-स्वयंवर में शामिल होना तथा देश-देश से सभा में पधारे समस्त भूपतियों के शिव धनुष को टस से मस नहीं कर पाने के बाद राम के द्वारा प्रत्यंचा चढ़ाने के प्रयास में धनुष भंग के उपरांत राम-सीता के विवाह के साथ यह नृत्य नाटिका संपन्न हुई। नृत्यकला की साधना में व्यतीत डॉ. सोनल मानसिंह का जीवन और उससे उपजा अनुभव पूरे कार्यक्रम के दौरान उनकी भाव-भंगिमाओं से प्रतिपल मुखरित होता रहा जिसने उपस्थित नृत्यानुरागी दर्शकों में सूक्ष्म स्पंदन का संचार करने के साथ ही उन्हें आनंदातिरेक से भर दिया।

कार्यक्रम के समापन सत्र में राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय के महानिदेशक डॉ. संजीव किशोर गौतम ने  इस सुंदर एवं मर्मस्पर्शी प्रस्तुति हेतु डॉ. सोनल मानसिंह और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बहुत दिनों से उनके विचार में दृश्य-कला और संगीत-मंच कला को एक साथ जोड़ने की इच्छा बलवती हो रही थी। निश्चय ही यह कार्यकम उसी रचनाशील विचार प्रक्रिया की उपज है। वर्तमान में तेज़ी से क्षरित होते जीवन-मूल्यों को सहेजने की ज़िम्मेदारी साहित्य, संगीत और कला के ऊपर एक साथ आन पड़ी है। अतः, इस पुनीत उद्देश्य के लिए सभी प्रकार की कलाओं द्वारा एकजुट प्रयास अपेक्षित है। निश्चय ही जब हम भारतीय समाज में सभ्यता एवं संस्कृति को संपुष्ट करने का हेतु रचते हैं तो इस संदर्भ में मर्यादा पुरुषोत्तम से उत्तम व्यक्तित्व और कौन हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मैंने आदरणीया डॉ. सोनल मानसिंह जी के पास इस नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति हेतु निवेदन भेजा और उनके उदार हृदय ने हमारे अनुरोध को स्वीकार किया, इसके लिए समस्त एनजीएमए परिवार की ओर से हम आपका हृदयतल से आभार व्यक्त करते हैं। 

प्रेषक: राघवेन्द्र पाण्डेय

नाट्यकथा: कथा सिया राम की का भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण