या मकानों का सफ़र अच्छा रहा

15-08-2023

या मकानों का सफ़र अच्छा रहा

डॉ. राकेश जोशी (अंक: 235, अगस्त द्वितीय, 2023 में प्रकाशित)


2122    2122    212
फ़ाएलातुन फ़ाएलातुन फ़ाइलुन
 
या मकानों का सफ़र अच्छा रहा 
या ख़ज़ानों का सफ़र अच्छा रहा
 
जो ज़बां लेकर चले थे, मिट गए 
बे-ज़बानों का सफ़र अच्छा रहा
 
भूख के क़िस्से ग़रीबों ने सुने 
दास्तानों का सफ़र अच्छा रहा
 
झुग्गियों में पल रही है सभ्यता 
आसमानों का सफ़र अच्छा रहा
 
कुछ बुझे चूल्हे बताते रह गए 
कारख़ानों का सफ़र अच्छा रहा
 
मुश्किलें सारी पहाड़ों पर मिलीं
बस, ढलानों का सफ़र अच्छा रहा
 
था सफ़र नादान लोगों का कठिन
कुछ सयानों का सफ़र अच्छा रहा
 
पीढ़ियाँ-दर-पीढ़ियाँ पूजी गईं 
हुक्मरानों का सफ़र अच्छा रहा

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें