हमारे राम की 18 कहानियाँ: 2. राम का चिन्तन

15-12-2023

हमारे राम की 18 कहानियाँ: 2. राम का चिन्तन

शशि महाजन (अंक: 243, दिसंबर द्वितीय, 2023 में प्रकाशित)

 

राम, सीता, और लक्ष्मण चित्रकूट पर मंदाकनी नदी के किनारे चाँदनी रात का रस ले रहे थे, पवन धीरे-धीरे बह रहा था। पिछले कुछ दिनों से सोने से पहले यहाँ आकर बैठना और विभिन्न विषयों पर चर्चा करना, उनका नित्यकर्म हो गया था। यही वह समय होता जब वे अपने दिनभर के कामों की चर्चा करते, भविष्य की योजनायें बनाते और अयोध्या, मिथिला, गुरु विश्वामित्र, गुरुकुल आदि की बातें करते। 

लक्ष्मण ने कहा, “अयोध्या तो हमारे मन में बसी है, परन्तु इस तरह जंगल में इस उन्मुक्तता का अनुभव करना भी अद्भुत है, मन की सारी अनावश्यक परतें एकएक करके गिरती जाती हैं, जो रह जाता है, वह है शुद्ध चैतन्य, अनंत उत्सुकता, और कोमलता।” 

राम और सीता हँस दिये, “कभी कभी तुम पूरे दार्शनिक हो उठते हो,” राम ने कहा। 

“आप भी तो भैया, जब जंगल वासियों से या ऋषि मुनियों से बातें करते हो तो राजकुमार कहाँ रह जाते हो, एक साधक, एक अन्वेषक हो उठते हो।” 

“तो क्या एक राजा को यह दोनों नहीं होना चाहिए?”सीता ने कहा। 

राम मुस्कुरा दिए, “मेरे विचार से तो राजा को आजीवन विद्यार्थी रहना चाहिए। हमारी प्रजा में कितने संगीतज्ञ, गणतिज्ञ, साहित्यकार, और न जाने कितने गुणीजन हैं, जिनके समक्ष मेरा ज्ञान तृण मात्र भी नहीं, राजा तो बस इन सब के लिए ऐसा वातावरण बनाने का प्रयास करता है, जहाँ यह निश्चिन्त होकर अपनी प्रतिभा का 
विकास कर सकें।” 

“परन्तु यह वातावरण तैयार कर सकना भी तो सरल नहीं,” लक्ष्मण ने कहा। 

“सरल और कठिन होना तो अपनी रुचि पर निर्भर है,” सीता ने कहा। 

“तो क्या मात्र रुचि पर्याप्त है भैया?” लक्ष्मण ने राम को उत्सुकता से देखते हुए कहा। 

“रुचि आरम्भ है लक्ष्मण,” राम के बजाय सीता ने उत्तर दिया। 

“तो भैया, सबसे कठिन क्या है?” लक्ष्मण की दृष्टि राम पर टिकी रही। 

“न्याय देना,” राम ने कहीं दूर देखते हुए कहा। 

“तो क्या न्याय राजा की इच्छानुसार होना चाहिए?” लक्ष्मण अभी भी राम को देखे जा रहे थे, मानो उत्तर के लिए व्याकुल हों। 

“नहीं न्याय सबके लिए समान है, इसलिए वह व्यक्ति विशेष पर निर्भर नहीं,” राम ने सोचते हुए कहा। 

“जब क़ानून परिभाषित है तो फिर कठिनाई क्या है?” लक्ष्मण ने बल देते हुए कहा। 

राम मुस्कुरा दिए, “सीता तुम्हारा क्या कहना है इस विषय पर?” 

“मेरे विचार से क़ानून की गहराई से पता चलता है, कि वह समाज बौद्धिक और मानसिक रूप से कितना उन्नत है,” सीता ने सहज मुस्कुरा कर कहा। 

“और यह उन्नत होना क्या है?” लक्ष्मण ने पूछा। 

“उन्नत का अर्थ है उसमें दोषी और निर्दोषी का निर्णय होने के बाद क्षमा और सहानुभूति का कितना 
स्थान है,” राम ने द्रवित होते हुए कहा। 

“अच्छा लक्ष्मण यह बताओ, क़ानून तो नैतिकता पर आधारित होने चाहियें, फिर नैतिक अनैतिक का 
निर्णय कैसे हो?” राम ने लक्ष्मण के कंधे पर हाथ रखते हुए कहा। 

“भैया, अब आप मुझे उकसा रहे हैं।” 

राम और सीता हँस दिए, “तुम्हारे भैया तुम्हें उकसा नहीं रहे, भविष्य के लिए तैयार कर रहे हैं। यूँ तो हमारे यहाँ शिक्षा जहाँ गुरु शिष्य बैठ जाते हैं, वहाँ आरम्भ हो जाती है, पर एक शिक्षा वो भी होती है, जो मनुष्य ध्यान में, चिंतन द्वारा अपने मन की गहराइयों से पाता है, इस प्रश्न का सम्बन्ध मन की गहराइयों से है,” सीता ने स्नेह से कहा। 

“अर्थात् हम नैतिकता अनैतिकता के ज्ञान के साथ जन्म लेते हैं!”

“हाँ मेरे भाई, और उसी सूक्ष्म नैतिकता के आधार पर हम न्यायप्रणाली का भवन खड़ा कर देते हैं।” 

इससे पहले कि लक्ष्मण अपना अगला प्रश्न रखते, उन्होंने देखा दूर से ढोल, मँजीरे बजाते कुछ स्त्री पुरुषों का झुंड उनकी ओर बढ़ा आ रहा था। 

सीता ने कहा, “इस चाँदनी रात में इनको नींद कहाँ, सारी रात गायेंगे, नाचेंगे।” फिर उन्होंने लक्ष्मण को देखते हुए कहा, “ऐसे अवसरों पर मुझे उर्मिला की बहुत याद आती है। परिस्थतयाँ अक़्सर हमारे हाथ में नहीं होती, तुम दोनों के साथ जो हुआ, वह विषय न्याय-अन्याय से भी परे है।” 

“भाभी, आप अपने पर बोझ न लें, धैर्य का प्रश्न भी नैतिकता से जुड़ा है, हमें अपना कर्त्तव्य निभा लेने दें,” लक्ष्मण ने मुस्कुरा कर कहा। 

राम ने सीता की तरफ़ देखकर आँख की इशारे से उन्हें शांत होने क़े लिए कहा। 

ढोल मँजीरे क़े स्वर एकदम निकट आ गए थे। वे तीनों उनके स्वागत में उठ खड़े हुए। 

जंगल संगीत लहरी में झूम उठा, हर क़दम थरथरा उठा। 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कहानी
कविता
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में