झरे पुष्प पात

01-03-2016

झरे पुष्प पात

ज्योत्स्ना 'प्रदीप'

1.
तेरे सामने
पात झरे मन से
तू चुप रहा!
2.
शर्म से सूखी
अनावृत्त शाखाएँ
लौटा दो वस्त्र!
3.
एक ही रात
ले गई पुष्प–पात,
शोक में शाखा।
4.
कुंती-सी डाली
बहाती सरिता में
पर्ण-कर्ण-से।
5.
तजे हैं माया
पतझर गुरु की
ये ऋतु शिष्या।
6.
रूपसी ऋतु
उतारे आभरण
कोई तो ऋण!
7.
साध्वी है ऋतु
पतझर साधक
मोक्ष की ओर।
8.
डाकू-मौसम
छीने हैं जड़े रत्न
तरु-तन से।
9.
डाली-पांचाली
बसंत कृष्ण रोके
चीर-हरण।
10.
ये झरे पात
हैं निमंत्रण-पत्र
मधुमास के।

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें