यॉर्क, यूके में भारतीय प्रवासी समुदाय का ऐतिहासिक काव्य समारोह
यॉर्क, यूके में भारतीय प्रवासी समुदाय का ऐतिहासिक काव्य समारोह
दिनांक: 26 अप्रैल 2025
स्थान: यॉर्क, यूनाइटेड किंगडम
26 अप्रैल 2025 को यॉर्क इंडियन कल्चरल एसोसिएशन के तत्वावधान में एक भव्य सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों और कवियों के साथ-साथ यॉर्क की लॉर्ड मेयर मार्गरेट वेल्स, शरीफ़ फिओना फिट्ज़पैट्रिक तथा लॉर्ड मेयर के चैपलिन भी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान लॉर्ड मेयर ने भारतीय मूल के कवियों की रचनाओं के संकलन का विमोचन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक प्रयास समाज में सामंजस्य बढ़ाते हैं और भारतीय मूल के लोगों को यॉर्क के मूल निवासियों के साथ जोड़ने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर, वर्ष 1968 से यॉर्क में रह रहे हिंदी भाषा की प्रतिष्ठित कवि, श्रीमती ऊषा वर्मा और भाषाविद, कवि एवं भाषा कर्मी श्री महेंद्र वर्मा के दशकों लंबे अथक प्रयासों की सराहना की गई। वर्मा दंपती ने यॉर्क इंडियन कल्चरल एसोसिएशन की स्थापना कर प्रवासी भारतीय समुदाय को एक सूत्र में बाँधने का कार्य किया तथा ‘भारतीय भाषा संगम’ एवं ‘सुनिए-सुनाइए’ साहित्यिक समुदाय की स्थापना कर ’हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं में लेखन हेतु प्रेरित किया। उनकी इसी पहल का परिणाम है आज का विमोचित काव्य संग्रह।
सभी कवियों ने वर्मा दंपती के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। साथ ही, भविष्य में भारतीय भाषाओं में लेखन को प्रोत्साहित करने हेतु “ऊषा वर्मा और महेंद्र वर्मा भारतीय भाषा वार्षिक काव्य पुरस्कार” की भी घोषणा और अनावरण किया गया।
यह समारोह न केवल भारतीय मूल के लोगों के लिए गर्व का विषय रहा, बल्कि यॉर्क के सांस्कृतिक परिदृश्य में भी एक महत्त्वपूर्ण अध्याय जोड़ा गया।