परिवर्तन से होगी जीवन में उन्नति

01-12-2023

परिवर्तन से होगी जीवन में उन्नति

डॉ. रघुवीर चारण (अंक: 242, दिसंबर प्रथम, 2023 में प्रकाशित)

 

संसार में कुछ भी स्थायी नहीं होता यानी प्रत्येक वस्तु में बदलाव आता है जीवन में उन्नति के लिए परिवर्तन बेहद ज़रूरी है मानव जीवन हो अन्य प्राणी या प्रकृति इन सभी में परिवर्तन शब्द का बहुत महत्त्व है परिवर्तन अर्थात् वर्तमान काल में निरंतर बदलाव होना। 

परिवर्तन ही प्रकृति का प्रमुख गुण है आज कहीं सूखा है तो कल वहाँ हरियाली भी होगी जिस प्रकार ऋतु परिवर्तन होता है उसी प्रकार मानव जीवन में अवस्था परिवर्तन होता है जहाँ बाल्यावस्था से व्यक्ति युवावस्था में जाता है आज जो बालक है कल वो परिपक्व और ऊर्जावान युवा होगा। एक फूल से फल और मूल से पौधा बनने में उन्हें विभिन्न पर्यावरणीय परिवर्तनों से गुज़रना पड़ता है उसी प्रकार हमें मनुष्य जीवन में प्रगतिशील होने के लिए विभिन्न सामाजिक परिवर्तनों का सामना करना पड़ता है। 

महान आयरिश उपन्यासकार जॉर्ज बर्नार्ड शॉ के अनुसार परिवर्तन के बिना प्रगति असंभव है, और जो अपने मन को नहीं बदल सकते, वे कुछ भी नहीं बदल सकते हैं। इसलिए जीवन में परिवर्तन को छोड़कर कुछ भी स्थायी नहीं होता है यदि आप लगातार असफल होते हो तब अपनी असफलता को सफलता में बदलने के लिए अपनी रणनीतियों को बदलना होगा क्योंकि परिवर्तन हमारे जीवन का हिस्सा है। 

बदलाव विज्ञान का भी हिस्सा है आज तक जितने भी आविष्कार हुए हैं वे सभी कई परिवर्तन के बाद सफल हुए हैं आज का आधुनिक विज्ञान विभिन्न बदलावों से उभरा है। 

मानव जीवन में व्यक्ति परिवर्तन विचारों से भयभीत होता है वो अपने सुविधा क्षेत्र से बाहर नहीं निकलना चाहता आप किसी भी कार्य को लंबे समय से करते आ रहे हो लेकिन आपको अपने अनुरूप परिणाम नहीं मिल रहा है तो आपको अपने तरीक़ों में परिवर्तन लाना होगा क्योंकि बिना बदलाव के जीवन में मंज़िल नहीं पा सकते। 
यदि आप कोई गड्ढा खोद रहे हो और उसके अंदर धँसते भी जा रहे हो फिर भी बदलाव ना कर लगातार ख़ुदाई करोगे तो उन्नति की जगह अवनति होगी इसलिए हमें मनुष्य जीवन में परिवर्तन से डगमगाना नहीं चाहिए छोटे-छोटे बदलावों के सहारे निर्भय होकर अपने लक्ष्य की तरफ़ बढ़ना चाहिए परिवर्तन को अपने जीवन का हिस्सा स्वीकार कर सफल जीवन यापन करना चाहिए। 

परिवर्तन की कोई उम्र नहीं होती आप किसी भी अवस्था में परिवर्तनशील होकर अपने जीवन में नवाचार ला सकते हो यदि कोई व्यक्ति रोगों से पीड़ित हैं तो आरोग्य और दीर्घायु के लिए अपनी दिनचर्या व खानपान के तरीक़ों को बदल सकता है इसलिए परिवर्तन की आँधी कभी भी आ सकती है बस ज़रूरत है मानसिक विचारों में मज़बूती की। 

आज किए गए परिवर्तन आपको भविष्य में मज़बूती प्रदान करेंगे इसलिए बदलाव कभी भी किया जा सकता है परिवर्तन से ही उन्नति होगी इसलिए जीवन में विपरीत परिस्थितियों से बिना घबराए हमेशा आगे बढ़ते रहना चाहिए। 

हर इंसान का समय एक जैसा नहीं होता इसलिए इंसान को समय के अनुसार ख़ुद को बदलना चाहिए अगर आप नए लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं तो आपको नए तरीक़ों से काम करना होगा। बिना बदलाव के आप कुछ बड़ा हासिल नहीं कर सकते हैं। बदलाव के लिए ख़ुद को तैयार करना बहुत ज़रूरी है। बदलाव से ही सफलता मिल सकती है। बदलाव का स्वागत करना सीखिए।

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें