हमारा गौरवशाली संविधान

01-02-2023

हमारा गौरवशाली संविधान

डॉ. नन्दकिशोर साह (अंक: 222, फरवरी प्रथम, 2023 में प्रकाशित)

भारत का संविधान ऐसा महत्त्वपूर्ण दस्तावेज़ है, जो देश के प्रत्येक नागरिकों को समान अधिकार देता है। साथ ही हमारे कर्त्तव्यों को भी निर्धारित करता है। लिखते समय मूल संविधान में 395 अनुच्छेद, 22 भागा और 12 अनुसूचियाँ शामिल थी। भारतीय संविधान में स्पष्ट लिखा है कि भारत एक संप्रभुता संपन्न, समाजवादी, सेकुलर लोकतांत्रिक गणराज्य है। संप्रभुता शब्द स्वतंत्र होने के मायने बताता है, तो समाजवादी शब्द को 1976 में हुए 42वें संवैधानिक संशोधन अधिनियम के ज़रिए प्रस्तावना में जोड़ा गया। पंथनिरपेक्ष या धर्मनिरपेक्ष शब्द भी इसी संशोधन में शामिल किया गया था। लोकतांत्रिक भारत एक स्वतंत्र देश है, जहाँ लोगों को अपने अनुसार नेता चुनने की स्वतंत्रता दी गई है। 

प्रारूप समिति का गठन: आज़ादी के 13 दिन बाद 28 अगस्त, 1947 को एक बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रारूप समिति भारत के स्थायी संविधान का प्रारूप तैयार करेगी। इसके लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर ने पूरी दुनिया के तमाम संविधानों का बारीक़ी से अध्ययन किया और प्रारूप तैयार किया। भारत के संविधान का मसौदा तैयार करने वाली समिति की स्थापना 29 अगस्त 1947 को की गई थी, जिसके अध्यक्ष के तौर पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की नियुक्ति की गई। संविधान प्रारूप समिति की बैठक 114 दिनों तक चली। 

संविधान सभा में सदस्य: संविधान सभा में शुरू में 389 सदस्य थे किन्तु मुस्लिम लीग द्वारा स्वयं को इससे अलग कर लिए जाने के बाद संविधान सभा के सदस्यों की संख्या 299 रह गई थी। संविधान सभा के सदस्य भारत के राज्यों की सभाओं के निर्वाचित सदस्यों द्वारा चुने गए थे। 9 दिसंबर 1948 को संविधान सभा सच्चिदानंद सिन्हा की अध्यक्षता में पहली बार समावेषित हुई थी, लेकिन मुस्लिम लीग ने अलग पाकिस्तान बनाने की माँग को लेकर इस बैठक का बहिष्कार किया था। 11 दिसंबर 1946 को हुई संविधान सभा की बैठक में राजेन्द्र प्रसाद को संविधान सभा का अध्यक्ष चुना गया और वे संविधान के निर्माण का कार्य पूरा होने तक इस पद पर रहे। पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सरदार वल्लभ भाई पटेल, मौलाना अब्दुल कलाम आज़ाद इत्यादि इस सभा के प्रमुख सदस्य थे। संविधान सभा में 15 महिला सदस्य थीं, जिनमें से दुर्गाबाई देशमुख, हंसा मेहता, राजकुमारी अमृत कौर और अन्य महिलाओं ने भी महिलाओं, वंचित समाज और मज़दूरों से संबंधित कई विषयों पर महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। 

संविधान का हस्तलेखन: संविधान को लिखना एक बड़ा काम था। इस महत्त्वपूर्ण काम को दिल्ली निवासी प्रेम बिहारी नारायण रायज़ादा ने पूरा किया। इस काम में उन्हें 6 महीने का वक़्त लगा। हस्त लेखन उनका ख़ानदानी पेशा था। इसलिए हिंदी और अंग्रेज़ी भाषाओं में संविधान की मूल प्रति को रायज़ादा ने अपने हाथों से लिखा था। इसी संविधान की 3 प्रतियाँ बनाई गई, जिसमें से दो को नंदलाल बोस और राम मनोहर सिन्हा द्वारा सुसज्जित पत्रों पर तैयार किया। 1400 पन्नों की संविधान की एक प्रति को अंग्रेज़ी में रासबिहारी ने और हिंदी में वी. के. वैद्य ने लिखा। उन्होंने इसे लिखने का कार्य एक हफ़्ते में ही पूरा कर दिया था। जबकि तीसरी प्रति को अंग्रेज़ी में देहरादून में छपवाया गया। यह हमारे लिए आश्चर्य के साथ गौरव की बात है कि इतना महत्त्वपूर्ण दस्तावेज़ होते हुए भी भारतीय संविधान की मूल प्रति हस्तलिखित ही है, जिसकी पहली दो प्रतियाँ हिंदी और अंग्रेज़ी में है। 

संविधान को चित्रकारी से सजाया: मशहूर चित्रकार आचार्य नंदलाल बोस और उनके सहयोगियों ने भारत के संविधान को सजाया था। । जब भारत के संविधान को सजाया गया था तब 22 चित्र बनाए गए थे। सभी चित्र 8 गुणा 13 इंच के आकार में हैं। पंडित जवाहरलाल नेहरू के आग्रह पर बोस द्वारा 221 पृष्ठों के इस दस्तावेज़ के सभी 22 भागों में से प्रत्येक को एक-एक चित्र से सजाया गया। भारतीय संविधान की इस मूल प्रति पर इन 22 चित्रों को बनाने में 3 साल से ज़्यादा का वक़्त लगा। कहते हैं इस काम के लिए नंदलाल बोस को ₹21000 मिले थे। उन्होंने जो चित्र बनाए हैं, उसमें मोहनजोदड़ो, वैदिक काल, रामायण, महाभारत, बुद्ध के उपदेश, महावीर के जीवन, मौर्य गुप्त और मुग़ल काल की झाँकी थी। इसके अलावा गाँधी, सुभाष चंद्र बोस, हिमालय से लेकर समुद्र आदि के चित्र हैं। देखा जाए तो यह चित्र भारतीय इतिहास की विकास यात्रा है। बोस के ही शिष्य राम मनोहर सिन्हा ने संविधान के प्रस्तावना पेज को सजाया। संविधान के जो सजे हुए चित्र हम देखते हैं, वह संविधान की पहली हस्तलिखित प्रति के ही चित्र है। संविधान की प्रस्तावना को सुनहरे बॉर्डर से घेरा गया है। 

संविधान की मूल प्रति सुरक्षित की: मूल प्रति में टाइपिंग या प्रिंटिंग का कोई इस्तेमाल नहीं किया। एक हज़ार वर्ष से अधिक सालों तक बचे रहने वाले सूक्ष्मजीवी रोधक चर्म पत्रों पर भारतीय संविधान की पांडुलिपि लिख कर तैयार की। संविधान की बेशक़ीमती प्रतियों को संसद भवन की लाइब्रेरी के एक कोने में बने स्ट्रोंग रूम में सहेज कर रखा गया है, जिसे पढ़ने की इजाज़त किसी को भी नहीं है। संविधान की यह प्रतियाँ कभी ख़राब न हों, इसके लिए इसे हिलियम गैस से भरे केस में सुरक्षित रखा गया है। यही कारण है कि हमारे देश की यह अमूल्य धरोहर हमारे पास सुरक्षित और आज भी मूल अवस्था में है। हिलियम एक ऐसी अक्रिय गैस है, जो संविधान की प्रति के पन्नों को वातावरण के साथ रासायनिक प्रतिक्रिया करने से रोकता है। 

संविधान लागू हुआ: 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान के प्रारूप को संविधान सभा के सामने पेश किया गया। संविधान सभा में इसकी प्रारूप को कुछ ज़रूरी संशोधन के बाद संविधान की शक्ल दे दी। इसलिए प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को हम लोग संविधान दिवस के रूप में मनाते हैं और 26 जनवरी, 1950 को भारत का संविधान लागू कर दिया गया। तभी से हम इस दिन को गणतंत्र दिवस के रूप में मना रहे हैं। संविधान लागू होने से 2 दिन पहले 24 जनवरी 1950 को संविधान की तीनों प्रतियों पर संविधान सभा के 284 सदस्यों ने हस्ताक्षर किए थे। 14 अगस्त 1947 की रात संविधान सभा की पहली बैठक का आग़ाज़ वंदे मातरम्‌ के साथ हुआ था और समापन जन-गण-मन के साथ। वंदे मातरम्‌ की रचना महान स्वतंत्रता सेनानी बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय उर्फ़ बंकिम चंद्र चटर्जी ने की थी। बंगाल में आज़ादी के आंदोलन के दौरान क्रांतिकारियों में जोश भरने के लिए यह गीत गाया जाता था। धीरे-धीरे यह गीत बहुत लोकप्रिय हो गया। इसलिए राजपथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में जन गण मन के साथ वंदे मातरम्‌ की धुन भी बजाई जाती है। हर साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह की शुरूआत राष्ट्रपति तिरंगा फहरा कर करते हैं। संविधान निर्माण में 2 वर्ष 11 महीने और 18 दिन का वक़्त लगा। संविधान के निर्माण कार्य पर कुल ₹63, 96, 729 का ख़र्च आया और इसके निर्माण कार्य में कुल 7, 635 सूचनाओं पर चर्चा की गई। 

संविधान में संशोधन: इसमें अभी तक 101 बार संशोधन हो चुके हैं संविधान में किए गए संशोधनों के ज़रिए सामाजिक ज़रूरतों के अनुरूप जनतंत्र और शासन प्रणाली को मज़बूती प्रदान करने के प्रयास किए गए। संविधान में पहला संशोधन वर्ष 1951 में किया गया था, जिसके तहत स्वतंत्रता, समानता और सम्पत्ति से संबंधित मौलिक अधिकार को लागू करने संबंधी व्यावहारिक कठिनाइयों का निराकरण करने के लिए संविधान नौवीं अनुसूची जोड़ी गई थी। 

हमारा संविधान आज के युवा भारत में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। आज के युवाओं में संविधान को लेकर समझ बनानी होगी। युवा में संविधान के प्रति जो निष्ठा पैदा होगी, वह हमारे लोकतंत्र को, हमारे संविधान को और देश के भविष्य को मज़बूत करेगी। आज़ादी के अमृत काल में यह देश की अहम ज़रूरत है। 

डॉ. नन्दकिशोर साह
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े हैं। समसामयिक मुद्दों पर लेखन में रुचि रखते हैं। 
Email-nandkishorsah59@gmail.com
 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें