लँगड़ा आम

01-07-2023

लँगड़ा आम

डॉ. विजय भास्कर (अंक: 232, जुलाई प्रथम, 2023 में प्रकाशित)

 

आम! नाम ही काफ़ी है। सुनते ही मुँह में पानी आने लगता है। मीठे, रसीले, सुनहरे गूदेदार आम मनमोहक लगते हैं। वस्तुतः आम का पेड़ बच्चों और बुज़ुर्गों के लिए आकर्षण का केंद्र है। आम के पेड़ में बौर आते ही बुज़ुर्गों की खटिया पेड़ की छाँव में आम की रखवाली के लिए लग जाती है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है, बच्चों और बुज़ुर्गों के बीच आम के प्रति प्रेम, स्पर्धा में बदल जाता है। ऐसा लगता है मानो ईश्वर अपनी अनुपम भेंट को समय से पूर्व देना नहीं चाहता और मनुष्य लालसावश कैसे भी पाना चाहता है। ब्रह्म और जीव का द्वंद्व सृष्टि के सृजन से ही चल रहा है। 

आम्रफल के स्वाद की बात ही निराली है। आम फलों का राजा कहा जाता है। इसकी बहुतेरी क़िस्में हैं। पर हमें तो इसकी लँगड़ा क़िस्म बहुत पसंद है। क्यों, नाम ही निराला है बचपन में मैं सोचता था कि यह लँगड़ा कर चलता होगा। 

तो क्या है लँगड़ा आम? क्या है इसका इतिहास? 

अन्य क़िस्मों की तरह लँगड़ा आम उत्तर भारत में ख़ूब पसंद किए जाने वाला एक रसीला आम्रफल है। 

लँगड़ा आम का इतिहास क़रीब 300 साल पुराना है। अपने बेहद रसीले स्वाद के कारण यह आम भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में मशहूर है। 

लँगड़ा आम को ये नाम कैसे मिला इसके पीछे एक दिलचस्प कहानी प्रचलित है। हुआ यूँ कि एक बार बनारस के शिव मंदिर में आए एक साधु ने आम का पेड़ लगाया था। साधु ने इस पेड़ की देखभाल की ज़िम्मेदारी एक लँगड़े पुजारी को दी थी। साधु ने पुजारी से कहा कि जब पौधा पेड़ बन जाए और फल देने लगे तो उसका पहला फल भगवान शिव को अर्पित कर देना और भक्तों में प्रसाद बाँट देना। पुजारी ने ठीक वैसा ही किया। भक्तों ने जब प्रसाद खाया तो वे इस आम के दीवाने हो गए। लोगों ने उस आम की क़िस्म जाननी चाही तो पुजारी नाम बताने में असमर्थता व्यक्त करते हुए वृत्तांत सुना दिया। श्रद्धालु तो भक्ति में मगन होते हैं, सो उन सब ने आम के गोल आकार और एक तरफ़ थोड़ा लहरदार होने के कारण और पुजारी की शारीरिक बनावट के अनुसार उसका नाम लँगड़ा आम रख दिया। पुजारी ने भी इस नाम पर कोई प्रतिक्रिया नहीं की। जो मनोभाव देखते हैं, वे शब्दार्थ पर ध्यान नहीं देते। 

वैसे अब मानव के लिए लँगड़ा शब्द प्रयुक्त किया जाना उचित नहीं है, एक निर्दोष के लिए हीनता बोधक है। अस्तु इसके स्थान पर दिव्यांग का प्रयोग किया जाना उचित है। 

आम का पेड़ वनस्पति है, लँगड़ा फल का नाम, इसलिए नाम से उसको फ़र्क़ नहीं पड़ता है। उसको किसी भी नाम से पुकारो वह मिठास ही देगा। जैसे ब्रह्मज्ञ साधु का आचरण और विचार होता है, वैसा ही हमारे इस आम का भी।

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

ललित निबन्ध
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में