मोर की आवाज़ सुनाई देने लगी है
        कोयल भी धीरे धीरे
                बौर आए आम के वृक्ष पर
                      आने लगी है
                         शहतूत का पेड़ पहले जैसा फिर से 
                               हरा हो गया है

 

ठंडी बयार के सुस्त होने से 
काँच की खिड़कियाँ खुलने लगीं हैं

 

सुनाई देने लगी हैं
पड़ोसी नानी की आवाज़ें
रिश्तों में आई शीतलता भी
खिड़कियाँ खुलने से खत्म हो गई है

 

कितना अच्छा हो गर ना हो फिर से 
सर्दियों का सा शीत जमाव
और ना हो इतनी अधिक गर्मी
कि लग ही जाए आग
ना हो ऐसी वर्षा
कि हर पहचान धुल जाए

 

क्या तुम रिश्तों में हमेशा नहीं रह सकते बसंत???

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें