क़ैद की सुंदरता
अकांक्षा पाण्डेय
उड़ती चिड़िया किसे भाती,
पिंजरे वाली ही सुहाती।
खुली फिरती गाय न भाए,
खूँटे से बँधी लुभाती।
ये कैसी सोच समाज की—
आज़ादी भी खटक जाती।
जो चुप रहे, जो झुककर जीए,
वही यहाँ सुंदर कहलाती।
बिटिया हो, बहू हो या पंछी,
सब पर एक ही ताला है—
क़ैद में ही क्यों ढूँढ़ते हम
सुंदरता का उजाला हैं?
सच बस इतना समझ लो—
यहाँ उड़ान नहीं, बंधन बिकता है,
जो जितना क़ाबू में रहता,
वो उतना ही अच्छा दिखता है।
1 टिप्पणियाँ
-
2 Jun, 2026 11:22 AM
बहुत हे सुंदर कविता भाव बहुत अच्छे है