प्रो. नंदिनी साहू

प्रो. नंदिनी साहू

प्रो. नंदिनी साहू

प्रोफेसर नंदिनी साहू समकालीन भारतीय अंग्रेज़ी साहित्य की प्रमुख हस्ताक्षर हैं। उन्होंने विश्व भारती, शांतिनिकेतन के अंग्रेज़ी प्रोफेसर स्वर्गीय प्रोफेसर निरंजन मोहंती के मार्गदर्शन में अंग्रेज़ी साहित्य में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है। आप अंतरराष्ट्रीय ख्याति-लब्ध अंग्रेज़ी भाषा की कवयित्री होने के साथ-साथ प्रबुद्ध सर्जनशील लेखिका हैं। आपकी रचनाएँ भारत, यू.एस.ए., यू.के., अफ्रीका और पाकिस्तान में व्यापक रूप से पढ़ी जाती हैं। प्रो. साहू ने भारत और विदेशों में विभिन्न विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए हैं। आपको अंग्रेज़ी साहित्य में तीन स्वर्ण पदकों से नवाज़ा गया है। अखिल भारतीय कविता प्रतियोगिता की पुरस्कार विजेता होने के साथ-साथ शिक्षा रत्न पुरस्कार, पोयसिस पुरस्कार-2015, बौद्ध क्रिएटिव राइटर्स अवार्ड और भारत में अंग्रेज़ी अध्ययन में अभूतपूर्व योगदान के लिए भारत के उपराष्ट्रपति के कर-कमलों द्वारा स्वर्ण पदक से भी पुरस्कृत किया गया है।
लेखन / संपादन: नई दिल्ली से प्रकाशित ‘द वॉयस’, ‘द साइलेंस (कविता-संग्रह)’, ’द पोस्ट कॉलोनियल स्पेस: द सेल्फ़ एंड द नेशन’, ‘सिल्वर पोएम्स ऑन माय लिप्स (कविता-संग्रह)’, ‘फ़ोकलोर एंड आल्टरनेटिव मॉडर्निटीज़ (भाग-1)’, ‘ फ़ोकलोर एंड आल्टरनेटिव मॉडर्निटीज़ (भाग-2)’, ‘सुकमा एंड अदर पोएम्स’, ‘सुवर्णरेखा’, ‘सीता (दीर्घ कविता)’, ‘डायनेमिक्स ऑफ़ चिल्ड्रेन लिटरेचर’ आदि शीर्षक वाली तेरह अंग्रेज़ी पुस्तकों की आप लेखिका और संपादक हैं। 
संप्रति: लेखिका इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय [इग्नू], नई दिल्ली में स्कूल ऑफ़ फ़ॉरेन लैंग्वेजेस की निदेशक एवं अंग्रेज़ी की प्रोफ़ेसर हैं। 
विशेष: डॉ. साहू ने इग्नू के लिए लोकगीत और सांस्कृतिक अध्ययन, बाल-साहित्य और अमेरिकी साहित्य पर अकादमिक कार्यक्रम/पाठ्यक्रम तैयार किए हैं। आपके शोध के विषयों में भारतीय साहित्य, नए साहित्य, लोककथा और संस्कृति अध्ययन, अमेरिकी साहित्य, बाल-साहित्य एवं महत्वपूर्ण सिद्धांत शामिल हैं। अंग्रेज़ी की द्विवार्षिक समीक्षा पत्रिका ‘इंटरडिस्सिप्लिनेरी जर्नल ऑफ़ लिटरेचर एंड लेंग्वेज’ और ‘पैनोरमा लिटेरेरिया’ की मुख्य-संपादक/संस्थापक-संपादक हैं।