काँटों से यारी

12-04-2017

काँटों से यारी

डॉ. सुषमा गुप्ता

कर यारी किसने रोका है
पर यारी काँटों से करना
फूल बदलते हर मौसम
काँटों ने कब रंग बदला है
......कर यारी किसने रोका है।



सरल सजीले और सुगंधित
फूल लुभाया करते मन को
पर तू ये सोच के चुनना
चार दिन का ये झोंका है
......कर यारी किसने रोका है।



कुरूप कँटीले लगे शूल से
बींधे तेरे नरम पोरों को
पर फिर भी फूल-से अच्छे
भ्रम से जिसने मन बींधा है
......कर यारी किसने रोका है।



कड़वी कर्कश कँटीली वाणी
माना लगे अप्रिय कर्णों को
पर उस मीठे बोल से अच्छी
जो निपट झूठ के रस घुला है
......कर यारी किसने रोका है।



मिल फूल से...फूल भी अच्छे
पर फूलों से यार न चुनना
चुनना सीरत के सच्चे को
हर आँधी जो साथ खड़ा है
......कर यारी किसने रोका है।
पर यारी काँटों से करना।

1 टिप्पणियाँ

  • 15 May, 2019 06:21 PM

    कांटों की यारी फूलों से प्यारी।

कृपया टिप्पणी दें