वर्तमान का आईना : ‘संपादकीयम्’

15-04-2019

वर्तमान का आईना : ‘संपादकीयम्’

डॉ. चंदन कुमारी

समीक्षित कृति : संपादकीयम् (लेख/पत्रकारिता)
लेखक- ऋषभदेव शर्मा
आईएसबीएन: 97893-84068-790
प्रकाशक- परिलेख, नजीबाबाद
वितरक- श्रीसाहिती प्रकाशन, 
हैदराबाद : मोबाइल +91 98499 86346

‘संपादकीयम्’(2019) ऋषभदेव शर्मा के चुनिंदा संपादकीयों का संग्रह है। ये संपादकीय नियमित रूप से हैदराबाद के एक दैनिक अख़बार में प्रकाशित होते रहे हैं और यह क्रम अब भी जारी है। डॉ. योगेंद्रनाथ मिश्र (गुजरात) उनके शब्द चयन के कायल हैं तो रवि श्रीवास्तव (हैदराबाद) उनकी पक्षकारिता-मुक्त पत्रकारिता के। डॉ. रामनिवास साहू का मानना है कि यह सब लिखने के लिए साहस चाहिए। सत्ता और व्यवस्था को उसका वास्तविक चेहरा दिखाने के लिए साहस तो चाहिए। वर्तमान को उसका चेहरा दिखाने वाली इस पुस्तक में कुल आठ खंड है जो विविध समसामयिक विषयों पर केंद्रित है। प्रो. गोपाल शर्मा ने इसे ‘भव’ साधना माना है जो अनायास ही सध गई। 

पहला खंड ‘स्त्री संदर्भ’ है। इक्कीसवीं सदी में जब माना जा रहा है कि हर स्त्री सशक्त और सक्षम है – यह पुस्तक उस घोषित सच का आवरण हटाकर समाज में स्त्री की वास्तविक स्थिति दिखाती है। स्त्री समाज के लिए सामाजिक वातावरण की असहजता का हिसाब बताती है। आँकड़ों के हिसाब से लेखक ने बताया है कि ग्लोबल एक्सपर्ट सर्वे में यह पाया गया कि भारत महिलाओं के लिए सबसे ख़तरनाक देश है। महिलाओं से गुलाम जैसा व्यवहार करने और यौन हिंसा में यह देश ‘नंबर वन’ है तथा स्त्री अधिकारों की हत्या करने में इसने अफ़गानिस्तान व सीरिया जैसे युद्धग्रस्त देशों को भी पीछे छोड़ दिया है। वैसे लेखक का मानना है कि इस रिपोर्ट में कुछ अतिरंजना भी हो सकती है।

युद्ध और संघर्ष में यौन हिंसा की भुक्तभोगी नादिया जिसका संबंध यजीदी समुदाय से है, उस यौन दासी की आपबीती एक किताब ‘द लास्ट गर्ल : माइ स्टोरी ऑफ़ कैप्टिविटी एंड माइ फाइट अगेंस्ट द इस्लामिक स्टेट’ (2017) के रूप में सामने आई। खुद को उस नारकीय जीवन से मुक्त करने के बाद नादिया ने यौन हिंसा के ख़िलाफ़ जागरूकता अभियान चलाया। उनके इस अभियान के लिए उन्हें और यौन हिंसा की शिकार स्त्रियों की चिकित्सा के लिए समर्पित डेनिस मुक्वेगो (स्त्री रोग विशेषज्ञ, कांगो) को 2018 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया। संघर्षशील नादिया की जिजीविषा सबके लिए प्रेरणा है। ज़रा सी बात पर मायूसियत ओढ़ने की फ़ितरत जीते जी अपनी क़ब्र खोदना है। हर फ़िक्र से दूर एक जूनून कुछ कर गुज़रने का होना ही चाहिए। शबरीमला मंदिर में 10–50वर्ष की महिला के प्रवेश पर रोक को लेखक ने लोकद्रोह की संज्ञा देते हुए, इसे लोक और भक्त के अधिकार से जोड़ा है। इस प्रतिबन्ध को समाप्त करने के न्यायालय के फ़ैसले का स्वागत किया है। स्त्री का वस्तुकरण रोकते हुए न्यायालय ने कई महत्वपूर्ण क़दम उठाए हैं जिनका ज़िक्र इस पुस्तक में है। भारतीय दंड संहिता की धारा 497 को असंवैधानिक मानते हुए ख़ारिज किया गया क्योंकि स्त्री की सहमति और असहमति से कोई सरोकार न रखनेवाली इस धारा में स्त्री को पुरुष की संपत्ति माना गया था। इसके साथ ही अब विवाहेतर संबंध या व्यभिचार को अपराध की श्रेणी से मुक्त कर दिया गया है। ‘एक साथ तीन तलाक़’ दंडनीय अपराध माना गया है। साथ ही स्त्री-खतना प्रथा को ख़त्म किया गया है। 

क़ानूनन स्त्री की इच्छा को तवज्जो दिए के बावजूद देश में स्त्रियों के लिए भयमुक्त वातावरण नहीं बन पाया है और इस सच का भयावह चेहरा ‘मी टू’ के माध्यम से बहुत बार सामने आया। संयुक्त राष्ट्र के एक अध्ययन में यह स्पष्ट हुआ है कि स्त्री के लिए घर सबसे ख़तरनाक जगह है। न सिर्फ़ गाँव, घर और शहर बल्कि बड़े से बड़े सफ़ेदपोश स्थल भी स्त्री-शोषक के किरदार में फ़िट बैठते हैं। भारत के राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो के अनुसार महिलाओं की कुल हत्या के मामले में 40 से 50 प्रतिशत तक दहेज़ हत्या के मामले होते हैं। इन तथ्यों का ज़िक्र करते हुए लेखक पुरुष वर्चस्व वाले समाज में पुरुष आयोग की सिफ़ारिश को यह कहते हुए ख़ारिज करते हैं कि “पुरुष को किस उत्पीड़न का भय? उत्पीड़न की स्थिति में न्यायालय तो है।” कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 30 छात्राओं की पिटाई का जो मामला सामने आया वह भी इसमें शामिल है। अश्लीलता का विरोध न करने की नसीहत विद्यालय में दी गई। उसे न मानते हुए जब छात्राओं ने अपने विवेक की सुनी और विरोध किया तो क्या पाया? उनकी दुर्गति करनेवालों में तीन महिलाओं का शामिल होना विडंबना ही तो है! सच को सच और झूठ को झूठ बताना गुनाह बन गया! ये अपनी दुनिया के सारे समीकरण कैसे उलट-पुलट हो रहे हैं! डर और दर्द से सबकी मुक्ति की दास्तान है "संपादकीयम्”!

‘लोकतंत्र और राजनीति’ दूसरा खंड है इसमें राजनीति की भाषा में बढ़ती अशिष्टता, जाति और गोत्र की वेदी पर लोकतंत्र, मतदाता की उदासीनता का अर्थ, उपेक्षित लद्दाख का दर्द, रिश्ता वोट का शराब से, विरोध भी समर्थन भी -जैसे आलेखों में चुनावी मौसम का मिज़ाज मापते हुए लोकतंत्र और राजनीति की वास्तविक स्थिति को उघाड़ा गया है। 

तीसरा खंड ‘जो उपजाता अन्न’ किसान की दुर्दशा पर केंद्रित है। किसान की आत्महत्याओं का हल निकलना चाहिए। हमने आत्महत्या की, आपने कर्ज़ माफ़ कर दिया; बस हो गया। इस व्यवस्था/ तंत्र से किसान को ‘कर्ज़ की ज़रूरत की परिस्थिति’ से मुक्ति चाहिए । चौथे खंड ‘शहर में दावानल’ में ‘लोकतंत्र को कलंकित करता भीड़ न्याय’, ‘अब किसके पिता की बारी है’ जैसे आलेख हैं। 

पाँचवाँ खंड ‘व्यवस्था का सच’ में ‘इंतज़ाम की पोल खोलती पहली बारिश’, ‘ये मौत की सड़कें’ अपने काम के प्रति हमारी ईमानदारी पर प्रश्न चिह्न हैं। छठा खंड ‘हमारी बेड़ियाँ’ है। इस खंड में शामिल कुछ आलेख हैं - ‘प्रणय की हत्या प्रतिष्ठा के नाम पर’, ‘तुम्हारी जाति क्या है डॉक्टर’, ‘तो शब्दकोश में नहीं रहेगा दलित’, ‘आधुनिक गुलामी और हम’ इत्यादि। सभी आलेखों का इशारा उन बेड़ियों की तरफ़ है जिनमें हमने जबरन ख़ुद को जकड़ कर अपनी ज़िन्दगी को जटिल बना रखा है। उन्मुक्त हवा में बोझिल मन से दुरूहता जीने की हमारी स्व-अर्जित बेबसी की ओर महज़ ध्यान खींचना लेखक का उद्देश्य नहीं रहा होगा। व्यवस्था बदलनी चाहिए और इसे जीने वाले ही इसे बदल सकते हैं। 

सातवाँ खंड ‘अस्तित्व के सवाल’ है। इसमें इंसान का ही नहीं, पर्यावरण का अस्तित्व भी शामिल है। ग्लोबल वार्मिंग से समुद्र का जल स्तर निरंतर बढ़ रहा है। यह तटीय इलाक़ों के लिए विशेष चिंताजनक है। पर्यावरण संरक्षण के साथ बच्चों की असुरक्षा, भुखमरी और असहाय बुढ़ापा से संबंधित आलेख भी इस खंड में हैं। ग्लोबल हंगर इंडेक्स रिपोर्ट 2018 के अनुसार जिन 44 देशों को भूख के मामले में गंभीर स्थिति वाला माना गया है उनमें भारत भी एक है। भारत के झारखंड राज्य में 50% से अधिक परिवारों को ज़रूरत के मुताबिक खाना नहीं मिलता है। 4% लोग एक वक़्त के अपर्याप्त खाने पर असंतोष करते हैं। 

अंतिम खंड ‘वैश्विक संदर्भ’ में दुर्गा पूजा में विदेशी रुचि का अर्थ समझाते हुए लेखक का मानना है, “धार्मिक-सांस्कृतिक मेलजोल का फ़ायदा उठाकर वे भारतीयों पर मनोवैज्ञानिक प्रभाव बनाना चाहते हैं। सारी क़वायद वाणिज्य के वास्ते है; संस्कृति तो बहाना है।” इसके अतिरिक्त युद्ध का विकल्प शांति, विश्व व्यापार संगठन नीति, आतंक बनाम सभ्य रिश्तों का पाखंड जैसे आलेख भी हैं जिनमें मानवीय सभ्यता और संस्कृति को वैश्विक परिप्रेक्ष्य में देखने-समझने की कोशिश नज़र आती है। इंसानों ने धरती और समुद्र नाप लिया,अब आसमान नापने की तैयारी में व्यस्त हैं। अंतरिक्ष पर कब्ज़ा जमाने की मंशा को भाँपते हुए लेखक के भीतर का तेवरीकार कहता है :

“हिंसा की दूकान खोलकर, बैठे ऊँचे देश। 
आशंका से दबी हवाएँ, आतंकित परिवेश। । 
गर्म हवाओं के पंखों पर, लदा हुआ बारूद;
खुसरो कैसे घर जाएगा, रैन हुई चहुँ देस।।”

इस प्रकार यह पुस्तक एक ओर तो लेखक के व्यापक सरोकारों का पता देती है तथा दूसरी ओर किसी भी प्रकार की नारेबाज़ी और फ़तवेबाज़ी से परे रहकर पाठक को अपने समय और समाज से जुड़े सवालों से रूबरू कराते हुए उन पर सोचने के लिए विवश करती हैं। निष्कर्षत:, ढेर सारी विविधतापूर्ण और पौष्टिक बौद्धिक खुराक देने वाली यह पुस्तक ध्यान से पढ़ने और विचारने योग्य है। 

    • डॉ. चंदन कुमारी 
chandan82hindi@gmail.com 
 

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें