राष्ट्र का नेता कैसा हो?

01-05-2019

राष्ट्र का नेता कैसा हो?

अजय अमिताभ 'सुमन'

राष्ट्र का नेता कैसा हो?
जो रहें लिप्त घोटालों  में,
जिनके चित बसे सवालों में,
जिह्वा नित रसे बवालों में,
दंगा झगड़ों का क्रेता हो?
क्या राष्ट्र का नेता ऐसा हो?

राष्ट्र का नेता कैसा हो?
जन गण का जिसको ध्यान नहीं,
दुख दीनों का संज्ञान नहीं,
निज थाती का अभिज्ञान नहीं,
अज्ञान हृदय में सेता हो,
क्या राष्ट्र का नेता ऐसा हो?

राष्ट्र का नेता कैसा हो?
जो अनसुनी करे फ़रियादें ,
करता रहे बस खाली वादे ,
हो  नीयत नेक ना इरादे ,
कि फ़क़त मात्र अभिनेता हो,
क्या राष्ट्र का नेता ऐसा हो?

राष्ट्र का नेता कैसा हो?
निज  परिवार की ही सोचे,
जन के तन मन धन को नोंचे,
रचता रहे  नित नए धोखे,
क्या कलियुग हो, क्या त्रेता हो,
क्या राष्ट्र का नेता ऐसा हो?

राष्ट्र का नेता कैसा हो?
जो अरिदल का सम्मान करे,
हो राष्ट्र भक्त  अपमान  करे,
औ जाति धर्म  विषपान करे,
जन को विघटित कर देता हो,
क्या राष्ट्र का नेता ऐसा हो?

राष्ट्र का नेता कैसा हो?
चाहे कोई हो मज़बूरी,
जनता से बनी रहे दूरी,
दी ज़बान कभी ना हो पूरी,
पर वोट नोट से लेता हो,
क्या राष्ट्र का नेता ऐसा हो?

राष्ट्र का नेता कैसा हो?
ऐसों से देश बनेगा क्या?
ऐसों से देश बचेगा क्या?
कोई अब और कहेगा क्या?
जो राष्ट्र मर्म विक्रेता हो,
क्या राष्ट्र का नेता ऐसा हो?

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
कहानी
सांस्कृतिक कथा
सामाजिक आलेख
सांस्कृतिक आलेख
हास्य-व्यंग्य कविता
नज़्म
किशोर साहित्य कहानी
कथा साहित्य
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में