परिवर्तन

रमेश ‘आचार्य’

नौ वर्षीय विनीत चौथी कक्षा में पढ़ता था। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और अधिक लाड-प्यार के कारण वह बहुत ज़िद्दी व शरारती बन गया था। यहाँ तक कि वह अपने माता-पिता की बातें भी नहीं मानता था। उसकी कक्षा के सहपाठी भी उसके साथ खेलना तो दूर, बात करने में भी कतराते थे। लेकिन विनीत भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। वह रोज़ कक्षा में किसी बच्चे की किताब फाड़ देता, किसी की पेन्सिल तोड़ देता या रबर फेंक देता था। उसकी कक्षा अघ्यापिका भी उसे कई बार समझा चुकी थी लेकिन उसके कानों पर ज़रा भी जूँ न रेंगती।

एक दिन की बात है। उसकी कक्षा के मोहन, सोहन, राकेश और राजेश आधी छुट्टी में मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। उसी वक्त विनीत भी वहाँ आ पहुँचा और उसने उनकी गेंद उठा ली। जब उन्होंने गेंद माँगी, तो वह गेंद लेकर मैदान में दौड़ने लगा। वह भागते-भागते स्कूल की दीवार के कोने में जा पहुँचा। दीवार के साथ ही पीपल का एक बड़ा पेड़ था, जिस पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा। अचानक विनीत की नज़र उस छत्ते पर पड़ी और उसे शरारत सूझी। उसने गेंद छत्ते पर मारी और छत्ता टूट गया। छत्ते के टूटते ही उसमें से बहुत-सी मधुमक्खियाँ निकलीं और उन्होंने उस पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों ने उसे बुरी तरह काटा। विनीत रोता-चिल्लाता हुआ मैदान में भाग रहा था। उसकी चीख सुनकर मोहन और सोहन उसके पास गए। विनीत को मधुमक्खियों ने मुँह और हाथों पर बहुत काटा था। वह मैदान के बीच बैठकर रो रहा था। तभी मोहन दौड़ता हुआ कक्षा अध्यापिका के पास गया और सारी बात बताई। अध्यापिका और स्कूल का चपरासी तुरंत वहाँ पहुँचे और वे उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले गए। विनीत का पूरा मुँह और हाथ सूजकर लाल हो गया था। अध्यापिका ने उसके घर में फोन कर दिया था और कुछ देर में उसके माता-पिता भी वहाँ आ गए। डॉक्टर ने विनीत के पिता को दवाइयाँ देते हुए कहा कि इसे एक सप्ताह आराम की ज़रूरत है।

तीन-चार दिन के बाद कक्षा अध्यापिका के साथ मोहन, सोहन और कक्षा के कुछ छात्र विनीत के घर गए। अध्यापिका ने विनीत को आर्शीवाद देते हुए कहा कि तुम अब जल्दी ही ठीक हो जाओंगे। उसकी कक्षा के सहपाठियों ने उसे एक फूलों का गुलदस्ता दिया। विनीत को यह सब देखकर बहुत ख़ुशी हुई, लेकिन उसे मन-ही-मन पछतावा भी हो रहा था। वह सोच रहा था कि जिन्हें वह तंग किया करता था, वे सब उसे देखने आए थे। जब कुछ दिनों के बाद विनीत स्कूल आया तो वह अब पूरी तरह बदल चुका था। उसने कक्षा में मन लगाकर पढ़ाई की और सभी सहपाठियों से प्रेम से बातें कीं। आधी छुट्टी के समय वह मोहन, सोहन, राकेश और राजेश के पास गया और उन्हें एक नई गेंद दी। मोहन ने विनीत से कहा कि आज से तुम भी हमारे साथ खेलोगे। वे सब ख़ुशी-ख़ुशी मैदान की ओर चले गए।

0 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें