बुधिआ को सुई

15-07-2021

बुधिआ को सुई

राजेश ’ललित’ (अंक: 185, जुलाई द्वितीय, 2021 में प्रकाशित)

अभी तोड़ कर लाया हूँ
खेत की मेढ़ से लाया हूँ
ये मकई का मीठा भुट्टा है
अभी कच्चा है
आप यूँ ही खाइये न
डाक्टर सा'ब अब आप
सुई लगाइये न
 
हाथ सने हैं मिट्टी में
नहीं तो गाजर ले आता
बोरा भर रखा है
बाजरे का सिट्टा
कभी झोंपड़े पे आइये न
 
डाक्टर सा'ब अब आप
सुई लगाइये न
 
दर्द कराहता है
पोर पोर में
कह नहीं पाता 
अभावों के शोर में
कुछ तो जुगत
बताइये न
 
डाक्टर सा'ब अब आप
सुई लगाइये न
 
एक गाय है
दो बछिया हैं
एक ही बेटा
दो बिटिया हैं
छोटी को कई दिन से
ताप चढ़ा है
कोई दवा बताइये न
 
डाक्टर सा'ब अब आप
सुई लगाइये न

4 टिप्पणियाँ

कृपया टिप्पणी दें

लेखक की अन्य कृतियाँ

कविता
हास्य-व्यंग्य कविता
सांस्कृतिक आलेख
कविता - क्षणिका
स्मृति लेख
बाल साहित्य कविता
सामाजिक आलेख
कविता - हाइकु
लघुकथा
विडियो
ऑडियो

विशेषांक में